जमशेदपुर : 11 अक्तूबर को चाईबासा में मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का प्रमंडल स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास भी शामिल होंगे, जिसकी तैयारी जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गयी है.
11 अक्तूबर को जिले से लगभग तीन हजार किसानों को चाईबासा ले जाया जायेगा, जहां मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों द्वारा उन्हें मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की प्रथम किस्त की राशि प्रदान की जायेगी. 11 अक्तूबर को पूर्वी सिंहभूम जिले के लगभग 36 हजार किसानों को पीएमएफएस से मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना की राशि भेजी जायेगी, जिसकी तैयारी पूरी की जा रही है.
जिले में 1.29 लाख किसानों की हो चुकी है इंट्री. मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत 10 अगस्त तक जिले में 89 हजार किसानों की इंट्री की गयी थी, जिसमें से 56 हजार किसानों को कार्यक्रम आयोजित कर मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के प्रथम किस्त की राशि (20 करोड़ रुपये) प्रदान की गयी थी.
उसके बाद से किसानों की इंट्री का काम जारी था अौर अब तक जिले में 1.29 लाख किसानों की इंट्री हो चुकी है. जिन किसानों को पूर्व में प्रथम किस्त की राशि नहीं मिली थी, उन्हें 11 अक्तूबर को चाईबासा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के दिन प्रथम किस्त की राशि प्रदान की जायेगी. प्रथम किस्त की राशि देना संपन्न होने के बाद सभी किसानों को द्वितीय किस्त की राशि प्रदान की जायेगी.
