जमशेदपुर : जुगसलाई एमइ स्कूल रोड स्थित स्कूल में मतदान के दौरान हुए विवाद ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया. नतीजा यह हुआ कि पत्थरबाजों ने रैफ जवान श्रीचरण पात्रा पर पत्थर से हमला कर दिया.
श्रीचरण पात्रा एक घर के नीचे खड़े थे. पत्थर उनके सिर पर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. फिर क्या था, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी व जवानों ने पत्थरबाजों को खदेड़ा, लेकिन पत्थरबाज भागने के बजाय घर की छत से पत्थर फेंकने लगे.
जानकारी मिलने पर एसपी सिटी प्रभात कुमार और एसडीओ चंदन कुमार पहुंचे. लेकिन पत्थरबाजों ने उन्हें भी नही बक्शा और उन पर भी पत्थर चलाये. इस दौरान एक घर से एसपी के सिर को निशाना बनाकर लोहे का रॉड फेंका गया, लेकिन हेलमेट होने की वजह से वे बच गये.
रॉड हेलमेट पर लगा. इसी बीच पत्थर चलने से एसडीओ चंदन कुमार, डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) आलोक रंजन घायल हो गये. इसके बाद जवानों ने पत्थरबाजों को खदेड़ा. पत्थरबाज 16 से 20 साल के बीच के थे, वे लगातार पुलिस पर पत्थरबाजी कर रहे थे.
उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे, इसके अलावा पत्थर भी चलाया, बावजूद वे नहीं माने. जानकारी मिलने पर पहुंचे एसएसपी अनूप बिरथरे पहुंचे. उन्होंने पहले जवानों को रोका, फिर पैदल ही पुलिस अधिकारी व जवानों के साथ पत्थरबाजों को शांत कराने निकले, लेकिन पत्थरबाज नही माने.
पत्थरबाजों द्वारा लगातार हमला किये जाने पर पुलिस को वापस लौटना पड़ा. पत्थरबाजों ने पुलिस को खदेड़ा. इसके बाद एसएसपी ने रैफ के वज्र वाहन को मंगाया और स्वयं माइक के जरिए अनाउसमेंट कर शांत रहने की अपील की. इसके बाद धीरे-धीरे भीड़ खत्म हुई.
शांति समिति के सुबेद को बुलाकर पत्थरबाजों को कराया शांत. शाम करीब पांच बजे एसएसपी ने क्षेत्र के शांति समिति के सदस्यों के जरिये पत्थरबाजों को शांत करने का उपाय लगाया, जिसके बाद उन्होंने थाना प्रभारी नित्यानंद महतो को शांति समिति के सदस्य को बुलाने का निर्देश दिया. थाना प्रभारी ने शांति समिति सदस्य मो सुबेद को बुलाया. उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया.
सरायकेला व चाईबासा से मंगायी फोर्स. पथराव के दौरान कई घरों के शीशे व वाहन क्षतिग्रस्त हो गये. स्थिति बिगड़ती देख सरायकेला और चाईबासा से संपर्क फोर्स की मांग की. देर शाम तक फोर्स जुगसलाई पहुंच गयी, जबकि चाईबासा जिला की फोर्स सोमवार की सुबह पहुंचेगी.
फोर्स तैनात, थानेदार की भी बंटी ड्यूटी. जुगसलाई हिल व्यू कॉलोनी में हुए हंगामा के बाद सिटी एसपी प्रभात कुमार ने क्षेत्र में फोर्स की तैनाती कर दी है. इसके अलावा कई थानेदार की भी ड्यूटी लगायी गयी है.
