जमशेदपुर : जिला शिक्षा विभाग में आयकर सर्वे छह साल तक के दस्तावेज खंगाले, कई मामले में त्रुटि मिलने की आशंका
जमशेदपुर : आयकर विभाग के टीडीएस सर्किल की टीम ने गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय का सर्वे किया. सर्वे करने आयी टीडीएस टीम में एके मांझी, राजेश प्रसाद व एक अन्य पदाधिकारी शामिल थे. तीनों अधिकारियों ने दोनों ही कार्यालय के अहम दस्तावेजों को खंगाला. करीब छह घंटे तक दस्तावेजों […]
जमशेदपुर : आयकर विभाग के टीडीएस सर्किल की टीम ने गुरुवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी व जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय का सर्वे किया. सर्वे करने आयी टीडीएस टीम में एके मांझी, राजेश प्रसाद व एक अन्य पदाधिकारी शामिल थे. तीनों अधिकारियों ने दोनों ही कार्यालय के अहम दस्तावेजों को खंगाला.
करीब छह घंटे तक दस्तावेजों को खंगालने के बाद कई मामले में त्रुटि मिलने की बात सामने आ रही है. आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों आयकर विभाग के टीडीएस सर्किल को यह शिकायत मिली थी कि जिला शिक्षा विभाग व जिला शिक्षा पदाधिकारी दोनों ही कार्यालय के पदाधिकारियों के साथ ही डीडीअो द्वारा कई भुगतान बगैर टीडीएस काटे किया है. आयकर विभाग को पदाधिकारियों व कर्मचारियों को मिलने वाले हाउस अलाउंस में भी गड़बड़ी की शिकायत की गयी थी. इस शिकायत के बाद गुरुवार को जांच करने पहुंची टीडीएस विभाग की टीम ने पिछले छह साल के अॉडिट रिपोर्ट को भी खंगाला.
विभाग के पदाधिकारियों को अहम दस्तावेज के साथ किया गया तलब : आयकर विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अब तक की जांच में गड़बड़ी मिलने की बात कही जा रही है. दस्तावेजी जांच में यह बात सामने आयी है कि कई पदाधिकारी टाटा स्टील द्वारा आवंटित क्वार्टर में रह रहे थे. टाटा स्टील को इस मद में कम राशि का भुगतान कर सरकार से हाउस अलाउंस मद में अधिक राशि ली जा रही थी.
दोनों ही कार्यालय के पूर्व के सभी पदाधिकारियों से भी इस मामले में पूछताछ संभव है. छह घंटे के सर्वे के बाद टीडीएस के अधिकारियों ने जिला शिक्षा विभाग के पदाधिकारियों को कई अहम दस्तावेजों के साथ तलब किया है.