स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेंगे कार्ड व दुकान

जमशेदपुर: सड़क किनारे ठेला-खोमचा व अन्य तरीके से दुकान लगाकर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित किया जायेगा. जमशेदपुर अक्षेस की ओर से स्ट्रीट वेंडरों को व्यवसाय करने के लिए स्ट्रीट वेंडर कार्ड दिये जायेंगे. साथ ही उन्हें सड़क से हट कर काउंटरनूमा दुकान बना कर देने की तैयारी है. बदले में निकाय वेंडरों […]

जमशेदपुर: सड़क किनारे ठेला-खोमचा व अन्य तरीके से दुकान लगाकर व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित किया जायेगा. जमशेदपुर अक्षेस की ओर से स्ट्रीट वेंडरों को व्यवसाय करने के लिए स्ट्रीट वेंडर कार्ड दिये जायेंगे. साथ ही उन्हें सड़क से हट कर काउंटरनूमा दुकान बना कर देने की तैयारी है. बदले में निकाय वेंडरों से मासिक शुल्क वसूलेगा.

जमशेदपुर अक्षेस सूत्रों के अनुसार स्ट्रीट वेंडरों की स्थिति में सुधार के लिए केंद्र सरकार द्वारा दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं. इसके तहत सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले स्ट्रीट वेंडरों को निकाय में निबंधित किया जायेगा.

वेंडरों का निबंधन एक कमेटी द्वारा किया जायेगा. कमेटी में प्रशासन, निकाय और सड़क विक्रेता संघ के पदाधिकारी रहेंगे. पहचान दस्तावेज के आधार पर निबंधन किया जायेगा, जिसके बाद स्ट्रीट वेंडर कार्ड जारी होंगे. कार्ड की बदौलत स्ट्रीट वेंडर बेरोक-टोक कारोबार कर सकेंगे. वेंडर्स का चयन, निबंधन व आवंटन का काम निकाय करेगा. स्थान के परिवर्तन का अधिकार भी निकाय को रहेगा. दिल्ली, मुंबई, जयपुर, अहमदाबाद समेत देश के कई बड़े शहरों में स्ट्रीट वेंडरों को यह सुविधा प्रदान की जा रही है.

झारखंड में अब तक यह लागू नहीं हो पाया है. केंद्र के निर्देशानुसार जमशेदपुर अक्षेस द्वारा स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. जिला स्तर पर स्वीकृति मिलने के बाद इसे लागू करने की तैयारी है.

जेएनएसी क्षेत्र में हैं दो हजार से ज्यादा ठेले व खोमचा वाले

जमशेदपुर अक्षेस क्षेत्र में लगभग दो हजार से ज्यादा ठेला-खोमचा वाले हैं, जो सड़क किनारे कारोबार कर जीविका चलाते हैं. गोलगप्पे, चाइनीज फूड, साउथ इंडियन फूड से लेकर लिट्टी -चोखा, चाट-पकौड़े के ठेलों से अच्छी-खासी कमाई होती है.

सड़क किनारे व्यवसाय में लाखों के निवेश.सड़क किनारे आधुनिक तरीके से स्टॉल लगा कर काफी अच्छा व्यवसाय किया जा रहा है. इसमें लाखों रुपये निवेश किये जा रहे हैं. सात से दस लाख की गाड़ी और उसमें दक्षिण भारतीय या चाइनीज फूड की दुकान लगा कर सड़क किनारे व्यवसाय किये जा रहे हैं. साकची- बिष्टुपुर क्षेत्र में ऐसी कई गाड़ियां सजी हुई देखी जा सकती हैं.

‘‘ स्ट्रीट वेंडरों को कार्ड, दुकान बना कर देने समेत कई तरह के निर्देश प्राप्त हुए हैं, जिस पर जमशेदपुर अक्षेस की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. इस मुद्दे पर वरीय अधिकारियों की अनुमति मिलने पर ही कुछ बताया जा सकता है. दीपक सहाय. विशेष पदाधिकारी जमशेदपुर अक्षेस.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >