डिमना रोड की हिल व्यू कॉलोनी में सहायक अभियंता से मारपीट करने वालों की गिरफ्तारी की मांग
जमशेदपुर : मानगो नगर निगम के सहायक अभियंता (एसडीअो) रौशन रंजन के साथ डिमना रोड की हिल व्यू कॉलोनी में मारपीट, अभद्र व्यवहार करने वाले भानु प्रताप शाही एवं उनके पुत्र राकेश शाही की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मानगो नगर निगम के 25 से 30 कर्मचारी शनिवार को सांकेतिक हड़ताल पर रहे.
कर्मचारियों ने नगर निगम कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन अौर गिरफ्तारी की मांग की. शुक्रवार को हिल व्यू कॉलोनी में मिट्टी हटाने के दौरान सहायक अभियंता रौशन रंजन के साथ भानु प्रताप शाही अौर उनके पुत्र द्वारा मारपीट की गयी थी तथा कार से धक्का मारने का प्रयास किया गया था. सहायक अभियंता ने पिता-पुत्र के खिलाफ मारपीट कर पचपन सौ रुपये, एटीएम कार्ड छीन लेने की प्राथमिकी दर्ज करायी थी.
इस घटना के खिलाफ तथा पिता-पुत्र की गिरफ्तारी की मांग पर नगर निगम के 25 से 30 कर्मचारियों ने काम नहीं किया अौर सांकेतिक हड़ताल पर रहे. दूसरी अोर नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र कुमार गुप्ता ने शनिवार को उपायुक्त कुमार अौर एसएसपी अनूप बिरथरे से भेंट की अौर पूरी घटना की जानकारी दी. एसएसपी ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है तथा एमजीएम थाना को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.
हड़ताली कर्मचारियों से सिटी एसपी मिले
सहायक अभियंता के साथ मारपीट के विरोध में तथा गिरफ्तारी की मांग के विरोध में सांकेतिक हड़ताल पर गये मानगो नगर निगम के कर्मचारियों से सिटी एसपी प्रभात कुमार ने भेंट की अौर घटना की जानकारी ली. सिटी एसपी मानगो में एक कार्यक्रम में शामिल होने गये थे. कर्मचारियों ने शनिवार को काला बिल्ला लगा कर विरोध-प्रदर्शन किया.
शुक्रवार को हुई घटना की जानकारी उपायुक्त एवं एसएसपी को दे दी गयी है. घटना के विरोध में तथा हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग पर नगर निगम के कर्मचारी शनिवार को सांकेतिक हड़ताल पर रहे, हालांकि इससे आवश्यक सेवा की काम बाधित नहीं हुई है.
राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी, मानगो नगर निगम
