जमशेदपुर : स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में बेहतर रैंकिंग को लेकर जुस्को की तर्ज पर जमशेदपुर अक्षेस भी मैकेनाइज्ड सफाई शुरू करेगा. इसके लिए मैकेनाइज्ड सफाई गाड़ी की खरीदारी जल्द की जायेगी.इतना नहीं रोजाना कचरा उठाव के लिए प्लेसर, डंपर समेत अन्य साफ-सफाई, कचरा उठाव के लिए जुस्को द्वारा उपयोग किये जा रहे वाहनों से भी ज्यादा आधुनिक गाड़ियों से करने का निर्णय लिया गया है.
वर्तमान में जुस्को साकची, बिष्टुपुर, सर्किट हाउस, नॉर्दन टाउन समेत वीवीअाइपी लोकेशन में खासकर मेन रोड की सफाई मैकेनाइज्ड सफाई गाड़ी से करवाती है, लेकिन अब जमशेदपुर अक्षेस प्रशासन 86 बस्ती समेत शहर के गैर कंपनी इलाकों के सभी मेन रोड के अलावा ब्रांच रोड में नियमित मैकेनाइज्ड सफाई करेगी.
ट्रैक्टर में लगेगी मशीन
जमशेदपुर अक्षेस शहर के मुख्य अौर ब्रांच रोड की सफाई के लिए बड़े गाड़ी के बजाय ट्रैक्टर में मैकेनाइज्ड सफाई मशीन लगायेगी, ताकि कम चौड़ाई वाली सड़क में आसानी से उक्त गाड़ी पहुंचकर बेहतर तरीके से साफ-सफाई का काम समय पर पूरा कर सके.
मानगो नगर निगम : 20 गाड़ी खरीदेगा
मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 8, 9 व 10 में सफाई कार्य में तेजी लाने के लिए 20 अॉटो टीपर की खरीदारी की जायेगी. एक हजार लीटर अौर 1800 लीटर क्षमता श्रेणी में कुल 20 गाड़ियों की खरीदारी होगी.
86 बस्ती समेत जमशेदपुर शहर के गैर कंपनी इलाकों में साफ-सफाई को गति देने अौर सफाई पर फोकस करने के लिए अत्याधुनिक मशीनों अौर गाड़ियों की जल्द खरीदारी की जायेगी.
कृष्ण कुमार, विशेष पदाधिकारी, जमशेदपुर अक्षेस
मानगो में सफाई को लेकर बीस नयी गाड़ियों की खरीदारी की जायेगी. इसके लिए आॅर्डर जारी किये गये हैं. जल्द क्षेत्र में साफ-सफाई का काम फोकस तरीके से किया जायेगा.
राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, कार्यपालक पदाधिकारी, मानगो नगर निगम.
800 घरों में निकाय ने शुरू किया कचरा उठाव
जमशेदपुर : मंगलवार को जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बर्मामाइंस रघुवरनगर अौर भक्तिनगर के कुल 800 घरों से कचरे का उठाव शुरू कराया. अक्षेस प्रशासन ने दोनों मुहल्ले के लोगों से सूखा अौर गीला कचरा अलग-अलग देने का अनुरोध किया, ताकि कचरे के शत प्रतिशत उठाव के साथ उनका निष्पादन बेहतर तरीके से हो सके. कचरा उठाव के लिए प्रति घर 50 रुपये मासिक शुल्क देना पड़ेगा.
इससे पूर्व जमशेदपुर अक्षेस प्रशासन की टीम ने भुइयांडीह में घर-घर कचरा का उठाव विभागीय स्तर पर शुरू किया था, जो सफल रहा. इस मौके पर जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, सिटी मैनेजर ज्योति पुंज पांडेय, सिटी मैनेजर एसए मेहंदी, सिटी मैनेजर रवि भारती, सिटी मैनेजर रंजन पांडेय, सिटी मैनेजर सोनल सिंह, सफाई पर्यवेक्षक डीके पांडेय, पी कुजूर समेत अक्षेस प्रशासन के साथ स्वच्छता की पूरी टीम मौजूद थी.
