एबीएम में प्राचार्य का घेराव, ग्रेजुएट में महिला कर्मचारी बेहोश, वर्कर्स में प्रदर्शन

कोल्हान विवि के अलग-अलग अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक नामांकन को लेकर भारी शोर-शराबा हुआ. कहीं छात्र प्राचार्य कक्ष के अंदर धरने पर बैठ गये, कहीं कागजात सत्यापन के दौरान भारी भीड़ में लोग बेहोश हुए, तो कहीं सीट व तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी व प्रदर्शन का सिलसिला चला. देर शाम तक कॉलेजों […]

कोल्हान विवि के अलग-अलग अंगीभूत कॉलेजों में स्नातक नामांकन को लेकर भारी शोर-शराबा हुआ. कहीं छात्र प्राचार्य कक्ष के अंदर धरने पर बैठ गये, कहीं कागजात सत्यापन के दौरान भारी भीड़ में लोग बेहोश हुए, तो कहीं सीट व तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी व प्रदर्शन का सिलसिला चला. देर शाम तक कॉलेजों में विवाद खत्म करने के लिए विवि के हस्तक्षेप का इंतजार होता रहा.

जमशेदपुर : एबीएम कॉलेज में बुधवार को झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में कॉलेज की प्राचार्य का घेराव किया गया. छात्र संगठन के कार्यकर्ता प्राचार्य कक्ष में ही जमीन पर बैठकर अपनी मांगों को पूरा कराने के लिए धरना देने लगे. कार्यकर्ताओं का कहना था कि मेरिट सूची तैयार करने में गड़बड़ी की गयी है. ऐसे में जब तक सभी छात्रों का नामांकन नहीं होता है, तब तक वह कार्यालय में ही रहेंगे. झारखंड छात्र मोर्चा के प्रेम प्रकाश दुबे ने बताया कि मामले में विश्वविद्यालय के अधिकार व चांसलर पोर्टल के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं. लगातार छात्रों को परेशान किया जा रहा है. इसे स्वीकार नहीं किया जायेगा.
जमशेदपुर. जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज व को-ऑपरेटिव कॉलेज में नामांकन को लेकर छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी. को-ऑपरेटिव कॉलेज में कई विद्यार्थियों का कहना था कि यूजी में एडमिशन के लिए चांसलर पोर्टल में आवेदन दिया. उनका नाम लिस्ट में नहीं आया. विद्यार्थियों का नामांकन न होने को लेकर छात्र संगठनों की भी नींद अंतिम दिन खुली. जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज में छात्र आजसू के कोल्हान अध्यक्ष हेमंत पाठक की ओर से स्नातक में सीट निर्धारण की नीति का विरोध करते हुए प्रदर्शन किया गया. वहीं दूसरी ओर एबीवीपी के सदस्यों ने गुरुवार को एबीएम कॉलेज में धरना दिया. संगठन की ओर से स्नातक नामांकन में हो रही परेशानी को दूर करते हुए सभी छात्र को प्रवेश देने की मांग की जा रही थी. संगठन ने नामांकन की तिथि बढ़ाने के लिए प्राचार्य के माध्यम से कुलपति को सौंपा.
जमशेदपुर : ग्रेजुएट कॉलेज में नामांकन को लेकर सुबह से छात्राओं की लंबी कतार लगी रही. छात्राओं के कागजातों के सत्यापन के दौरान एक महिला कर्मचारी गर्मी के कारण बेहोश हो गयी. बाद में प्राचार्या डॉ सत्यरूपा श्रीवास्तव और अन्य छात्राओं द्वारा महिला कर्मचारी को प्रिंसिपल चेंबर ले जाकर सुलाया गया. गर्मी के कारण यहां शिक्षिकाओं के साथ-साथ छात्राओं का बुरा हाल रहा. देर शाम तक छात्राओं की भारी भीड़ लगी रही. कॉलेज लगातार विवि से नामांकन की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर आग्रह करता रहा. देर शाम तक इस संबंध में विवि से आदेश मिलने का इंतजार होता रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >