जमशेदपुर उपायुक्त अमित कुमार ने डीएफअो वाइल्ड लाइफ को कला मंदिर के सहयोग से डिमना लेक के दूसरे छोर पर बोड़ाम के बोंटा में लगभग एक करोड़ की लागत से इको टूरिज्म सेंटर बनाने का निर्देश दिया है. इसके लिए डीएफअो वाइल्ड लाइफ (गज परियोजना) को कार्यकारी एजेंसी बनाते हुए कला मंदिर के सहयोग से पुनरीक्षित डीपीआर बना कर स्वीकृत हेतु भेजने का निर्देश दिया गया है.
पर्यटन विभाग के सहयोग तथा डिस्ट्रिक इनोवेटिव फंड से इको टूरिज्म सेंटर बनाने की योजना तैयार की गयी थी, जिसके लिए अंचलाधिकारी द्वारा जमीन चिह्नित कर दिया गया था तथा कला मंदिर द्वारा डीपीआर तैयार किया गया था. दलमा वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र होने तथा हाथियों के आवागमन का कॉरिडोर होने के कारण डीएफअो द्वारा इसके निर्माण पर आपत्ति जतायी गयी थी तथा बताया था कि हाथियों के आवागमन क्षेत्र होने के कारण भोजन तथा पर्यटकों की अन्य व्यवस्था में दिक्कत हो सकती है, जिसके कारण इको टूरिज्म सेंटर का निर्माण कार्य बंद हो गया था.
शुक्रवार को उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई जिला पर्यटन संवर्द्धन समिति की बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि योजना का काम गज परियोजना द्वारा कला मंदिर के सहयोग से कराया जायेगा अौर वहां किसी तरह का निर्माण नहीं होगा. बैठक में जिला योजना पदाधिकारी अजय कुमार, एनइपी की निदेशक रंजना मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि पवन अग्रवाल आदि मौजूद थे.
घाटशिला में हेरिटेज विलेज बनेगा. रूरबन मिशन के तहत चिह्नित धरमबहाल-काशिदा कलस्टर के चेंजजोड़ा गांव में पर्यटन विभाग एवं अन्य विभागों के कनवर्जेंस से हेरिटेज विलेज बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया. साथ ही जिले में राज्य स्तर के महत्व के पर्यटन स्थल का राज्य स्तर पर, जिला स्तर के महत्व के पर्यटन का जिला स्तर पर तथा प्रखंड स्तर के महत्व के पर्यटन स्थल का प्रखंड की राशि से विकास किया जायेगा.
सभी तरह के पर्यटन स्थल में शौचालय, पेयजल एवं शेड की सुविधा अनिवार्य रूप से तथा आवश्यकता अनुसार सामुदायिक भवन का निर्माण कराने का निर्देश दिया गया. जिले के जितने भी पर्यटन स्थल हैं, वहां साइनेज लगाने, सभी पर्यटन स्थल की कॉफी टेबुल बुक बना कर सभी होटलों को उपलब्ध कराने तथा सभी जनप्रतिनिधि व सदस्यों से वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए एक सप्ताह के अंदर प्रस्ताव मंगाने का निर्देश दिया गया.
