कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के नेतृत्व में उपायुक्त से
मिले कांग्रेसी और स्थानीय लोग
जमशेदपुर : बिरसानगर के मोहरदा में आस्था ट्वीन सिटी के समीप बैकुंठ नगर में चलाये जा रहे अतिक्रमण हटाअो के खिलाफ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार और आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में बस्तीवासियों ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से मिलकर अभियान रोकने की मांग की. उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि प्रशासन द्वारा हाल में किये गये अतिक्रमण, प्लाॅटिंग, बाउंड्री को हटाने की कार्रवाई की जा रही है, इसमें न ही किसी का मकान तोड़ा जायेगा अौर न ही कोई बेघर होगा. उपायुक्त ने मिलने आये लोगों से पूछा कि क्या कोई बेघर हुआ है? प्रशासन हाल में किये गये अतिक्रमण को तोड़ने की कार्रवाई कर रहा है और यह अभियान नहीं रुकेगा. प्रदर्शन में काफी संख्या में बस्तीवासी शामिल थे.
बस्तीवासियों-कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा आक्रोश जताया. बस्ती की महिलाअों ने बताया कि वर्षों पूर्व बनाये गये घर की बाउंड्री को तोड़ दिया गया है अौर दस दिनों में पक्का घर तोड़ने की चेतावनी दी गयी है. इसका वह विरोध करेंगे. महिलाअों ने अभियान में अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया. उधर उपायुक्त अमित कुमार ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन बेचने वाले भू माफियाओं पर कार्रवाई की जायेगी और इसकी तैयारी की जा रही है.
