जमशेदपुर : एमजीएम में कभी गेट के पास, तो कभी शौचालय के पास लावारिस मरीज पड़े रहते हैं. कभी-कभी तो सही से इलाज नहीं हो पाने के कारण इनकी मौत तक हो जाती है. मंगलवार को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास एक लावारिस मरीज पड़ा हुआ था, जब वहां के कर्मचारियों की नजर उस पर पड़ी, तो उन लोगों ने स्ट्रेचर पर मरीज को लिटाकर कपड़ा डाल दिया और गेट के ही सामने छोड़ दिया. अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार की दोपहर श्याम कुमार ने टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास से लाकर अज्ञात मरीज को अस्पताल पहुंचाया था. घंटों बाद उसे वहां से शिफ्ट किया गया.
उपाधीक्षक ने किया निरीक्षण. पिछले दिनों एमजीएम का निरीक्षण करने आयी प्रधान सचिव स्वास्थ्य विभाग ने अधीक्षक को कई दिशा-निर्देश दिया था, जिसके आलोक में अस्पताल में काम शुरू हो गया है. मंगलवार को अस्पताल के गायनिक वार्ड का ओपीडी नयी बिल्डिंग में शिफ्ट करने का काम शुरू किया गया. वहीं अन्य विभागों को शिफ्ट करने का काम किया जा रहा है. इसको लेकर मंगलवार को उपाधीक्षक डॉ नकुल चौधरी ने अस्पताल के नये विभागों को निरीक्षण किया. साथ ही कितना काम हुआ है और कितना बाकी है, उसका निरीक्षण करते हुए जल्द से जल्द काम पूरा करने के लिए कहा.
