महुआटांड़ : महागठबंधन प्रत्याशी बबीता देवी के पक्ष में सोमवार को गोमिया के केरी में विपक्षी दलों की सभा हुई. झामुमो नेता सह पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि रघुवर सरकार गरीबों की गाढ़ी कमाई को चूस कर पूंजीपतियों में लुटा रही है. पूंजीपतियों को सोने की थाली में खाना खिलाया जाता है. दूसरी ओर झारखंडियों की भावना के विपरीत नीतियां बनायी जाती हैं. झामुमो सरकार द्वारा गरीबों के लिए शुरू की गयी योजनाएं बंद कर दी गयी.
उपचुनाव के समय पीएम के धनबाद दौरे पर सवाल उठाते हुए श्री सोरेन ने कहा कि लिट्टीपाड़ा की जनता ने सबक सिखाया है, अब गोमिया की जनता भी सबक सिखाने को आतुर है. दूसरी ओर एक अन्य प्रत्याशी के पक्ष में पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है. राज्य में अराजकता का माहौल है और पूरी सरकार गोमिया में डेरा डाले बैठी है. सीएम सुबह में शिबू सोरेन के चरण छू कर उन्हें पिता तुल्य बताते हैं और शाम में वोट के लिए उन्हें लुटेरा बता देते हैं.
राज्य को खोखला कर दिया है भाजपा-आजसू ने : झामुमो अध्यक्ष शिबू सोरेन ने कहा कि भाजपा और आजसू ने राज्य को लूट कर खोखला कर दिया है. झारखंडी एकजुट होकर दोनों को सबक सिखायें.
जिस उद्देश्य से राज्य बना, उस पर भाजपा-आजसू ने जंग लगा दिया है. झाविमो विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि रघुवर दास को इस राज्य ने उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, अब ये अलग बात है कि वह छत्तीसगढ़ में मुखिया भी नहीं बन सकते. यह सरकार स्कूल बंद कर शराब दुकानें खुलवाने में व्यस्त है. आजसू पर हमला करते हुए कहा कि यह सरकार में रह कर नाचती भी है और घूंघट भी लेती है.
