जमशेदपुर : कदमा उलियान स्थित नटराज क्लासिक अपार्टमेंट में मां की फटकार से नाराज डीएवी बिष्टुुपुर के सातवीं के छात्र अमृत आनंद (13) ने रविवार की देर रात कमरे में फांसी लगा कर जान दे दी. सोमवार सुबह पड़ोसियों की मदद से जब कमरे का दरवाजा खोला गया, तो खिड़की के पास फंदे से उसका शव लटका मिला. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है.
पढ़ाई को लेकर मां ने लगायी थी फटकार. परिवार के लोगों के मुताबिक अमृत आनंद की मां पूनम सिंह (डीएवी स्कूल बिष्टुपुर में लैब टेक्निशियन) पिछले दो दिनों से बेटे को नियमित पढ़ाई करने को कह रही थी. लेकिन, वह ध्यान नहीं दे रहा था. रविवार की रात उन्होंने उसे पढ़ने के लिए लेकर फटकार लगायी थी. इससे नाराज अमृत आनंद बिना खाना खाये ही अपने कमरे में सोने चला गया. सोमवार सुबह स्कूल जाने से पूर्व पूनम सिंह ने अमृत को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला. बाद में वे अपनी बेटी को अमृत को जगाने की बात कह कर स्कूल चली गयीं. आठ बजे अमृत की बहन ने जब कमरे का दरवाजा खटखटाया, तो फिर दरवाजा नहीं खुला. उसने आसपास के लोगों की मदद से जबरन दरवाजा खुलवाया. दरवाजा खुलने पर अमृत को कमरे की खिड़की में दुपट्टा के सहारे फंदे से लटका पाया. इसकी सूचना मृतक की बहन ने सबसे पहले फोन कर पूनम सिंह को दी.
सूचना पाते ही घर पहुंची पूनम सिंह अपने बेटे को फंदे से लटका देख सन्न रह गयीं. फंदे से अमृत को उतारने के बाद कदमा पुलिस को घटना के बारे में पूरी जानकारी दी गयी.
रात में नहीं खाया था खाना. रविवार को मां की फटकार के बाद अमृत ने रात को खाना नहीं खाया था. मां और बड़ी बहन के आग्रह के बाद भी उसने खाना खाने से इंकार कर दिया था तथा कमरे का दरवाजा बंद कर सो गया था.
जिद्दी था अमृत. परिवार वालों के मुताबिक अमृत आनंद बचपन से ही जिद्दी था. पढ़ाई में वह उतना अच्छा नहीं था. पूनम सिंह पिछले चार-पांच माह से नटराज क्लासिक अपार्टमेंट में किराये में रह रही हैं.
