मृत जर्दा व्यापारी मो शाकिर का चचेरा भाई है शहनवाज
पिछले एक माह से मैसेज के माध्यम से मांगी जा रही थी रंगदारी
जमशेदपुर : आजादनगर रोड नंबर चार निवासी सह साकची झंडा चौक स्थित एएस ट्रेडर्स के मालिक मो. शहनवाज अंसारी से रंगदारी मांगने के लिए मोबाइल नंबर मो सोनू उर्फ शहनवाज ने जाकिर को उपलब्ध कराया था. मो. सोनू फुटपाथी दुकानदार है जो शहनवाज अंसारी की दुकान के सामने ही फुटपाथ पर दुकान लगाता है.
नंबर मिलने के बाद जाकिर पिछले एक माह से मैसेज कर रंगदारी मांग रहा था. पुलिस ने 15 लाख रंगदारी मांगने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार युवकों में जाकिर अली उर्फ छोटा सरकार (ओल्ड पुरुलिया रोड), मो सोनू उर्फ शहनवाज (ओल्ड पुरुलिया रोड), मो वारिस उर्फ सरफराज (ओल्ड पुरुलिया रोड) तथा रिंकू उर्फ मो अशरफ (आजादबस्ती) शामिल हैं. पिछले एक माह से मैसेज पर रंगदारी मांगने के साथ रुपये नहीं देने पर बुरा परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही थी.
मो शहनवाज अंसारी साकची शीतला मंदिर चौक के पास अपराधियों की गोली से मारे गये मो शाकिर का चचेरा भाई है. 29 अप्रैल को मो शाकिर की हत्या के बाद एक मई को भी जाकिर ने शहनवाज को रंगदारी के लिए मैसेज किया था.
पुलिस ने जाकिर का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. यह जानकारी सिटी एसपी प्रभात कुमार ने पत्रकारों को दी. उन्होंने बताया कि मो सोनू से नंबर मिलने के बाद जाकिर ने अपने साथी रिंकू और मो वारिस से संपर्क कर प्लान बनाया. रंगदारी नहीं देने पर मो शहनवाज अंसारी की बाइक या दुकान पर फायरिंग करने का प्लान था. इस मौके पर डीएसपी अनुदीप सिंह, साकची थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा भी मौजूद थे.
12 अप्रैल से मांगी जा रही थी रंगदारी
सिटी एसपी ने बताया कि जाकिर ने रंगदारी के लिए मो. शहनवाज अंसारी को 12 अप्रैल को पहला मैसेज भेजा. मैसेज में 30 अप्रैल तक रंगदारी की रकम पहुंचाने वरना अंजाम भुगतने की धमकी दी थी. इसके बाद 15, 17 अप्रैल को भी मैसेज भेजा. फिर आखिरी मैसेज एक मई को भेजा. सिटी एसपी ने बताया कि चारों पूर्व में जेल जा चुके हैं. गिरफ्तार चारों में एक छात्र नेता भी शामिल हैं.
