जमशेदपुर : मानगो थाना से बुधवार सुबह पांच बजे शौच के बहाने जवान को चकमा देकर शिबू बच्चा फरार हो गया. मंगलवार को कार सवार की पिटाई करने के आरोप में पुलिस ने शिबू बच्चा और जसीम बच्चा को पकड़ा था. दोनों से रात भर पूछताछ की गयी थी. अभी जसीम बच्चा पुलिस हिरासत में है.
पुलिस फरार शिबू की तलाश कर रही है. शिबू बच्चा दस दिनों पहले ही जेल से बाहर निकला था. शिबू के भागने की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गयी है. शिबू की देखरेख में तैनात सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच कर रिपोर्ट भेजी गयी है. शिबू की फरारी में अब भी मामला दर्ज नहीं किया गया है.
शौच जाने की बात कहने पर सिपाही ने निकाला था हाजत से
पुलिस के मुताबिक ओल्ड पुरुलिया रोड में एक मई को दिन में बाइक से शिबू व जसीम बच्चा दोनों जा रहे थे. बाइक की कार से टक्कर हो गयी. दोनों ने कार चालक की पिटाई कर दी. आस-पास के लोगों ने शिबू और जसीम बच्चा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था. दोनों को मानगो थाना लाया गया. बुधवार की सुबह शिबू बच्चा ने शौच जाने की बात कही. सिपाही ने शिबू बच्चा को हाजत से बाहर निकाला. वह हथकड़ी लगाने का प्रयास कर रहा था तभी शिबू दौड़कर भाग निकला. जानकारी के मुताबिक शिबू बच्चा पूर्व में भी आजादनगर थाना हाजत से भाग चुका है.
