जमशेदपुर : दो से पांच मई तक आयोजित होने वाले क्रमश: माइकल जॉन अवार्ड व इंडियन मेटल फेडरेशन के कार्यक्रम को लेकर शनिवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के ऑफिस बियररों की बैठक हुई. इसमें आयोजन को लेकर विचार-विमर्श के बाद जिम्मेवारियां बांटी गयी. यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में आयोजन के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गयी.
इस दौरान तय हुआ कि महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय को-ऑर्डिनेशन का कार्य देखेंगे. दो मई को होने वाले माइकल जॉन अवार्ड में आगंतुको से लेकर यूनियन के पदाधिकारियों के बैठने समेत अन्य इंतजाम से जुड़ी जानकारी दी गयी. इसके अलावा 3 से लेकर 5 मई तक होने वाले इंडियन मेटल फेडरेशन (आइएमएफ) के सम्मेलन के बारे में भी जानकारी दी गयी.
अध्यक्ष की ओर से तय किया गया है कि वे हर स्तर पर मीटिंग करेंगे. जो लोग इस कार्य से जुड़े रहेंगे उन्हें किसी तरह की दिक्कत न हो, इसकी व्यवस्था की जायेगी.यूनियन की ओर से ऑफिस बियररों को गाड़ी से लेकर फंड तक की कोई कमी नहीं होने दी जायेगी.
टाटा स्टील से भी मदद ली जायेगी. आगंतुकों के लिए वाहन, खाना-पान, ठहरने से लेकर आने- जाने तक की व्यवस्था के लिए अलग-अलग कमेटी का गठन किया गया. 2 से 5 मई तक के रेगुलर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कमेटी मेंबरों को भी काम पर लगाया जायेगा. जो इस कार्य से जुटेंगे उन्हें ड्यूटी से रिलीज कराया जायेगा.
