250 से ज्यादा मजिस्ट्रेट 1500 से ज्यादा जवानों की हुई है तैनाती
जमशेदपुर : शहर में कड़ी सुरक्षा के बीच आज लगभग 175 स्थानों से रामनवमी झंडा जुलूस निकलेगा. झंडा-विसर्जन जुलूस को संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. अतिसंवेदनशील स्थानों पर रैफ तथा 17 प्वाइंट पर क्यूआरटी तैनात की गई है. 250 से ज्यादा दंडाधिकारी, 1500 से ज्यादा जवानों की तैनाती हुई है.
जुलूस की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जायेगी. हर जुलूस की वीडियो रिकार्डिंग होगी. 63 संवेदनशील प्वाइंट चिह्नित किये गये हैं. जुलूस को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है.
सोमवार को दोपहर 12 बजे से 27 मार्च की सुबह छह बजे तक चार पहिया वाहन, बस एवं भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्णत: रोक है. जुलूस के साकची सुवर्णरेखा घाट जाने के मार्ग गोलमुरी चौक, आरडी टाटा गोलचक्कर, सागर होटल, नौ नंबर टैक्सी स्टैंड, बसंत टॉकीज, मिनी बस स्टैंड, साकची गोलचक्कर, बंगाल क्लब, पुराना किताब लाइन, पुराना कोर्ट मोड़, सुवर्णरेखा घाट मार्ग पर दोपहर एक बजे से राित्र 10 बजे टेंपो का परिचालन भी बंद रहेगा.
