झारखंड के कई जिलों में 23 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी

झारखंड में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश से फिलहाल राहत मिलने की संभावना है. 23 अगस्त को गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. रांची समेत अन्य जिलों में बादल छाये रहने और हल्की बारिश की संभावना है.

रांचीः झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद फिलहाल राहत मिलने की संभावना है. मानसूनी चक्रवातीय हवा झारखंड से आगे बढ़कर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, इससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी छत्तीसगढ़ की ओर चली गई है. इसके कारण रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में फिलहाल भारी बारिश की संभावना कम है.

23 अगस्त को छह जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 22 अगस्त को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके प्रभाव से 23 अगस्त को झारखंड के छह जिलों में भारी बारिश हो सकती है. इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में बादल छाये रहने और कहीं-कहीं छिटपुट बारिश होने की संभावना है. मौसम का यह मिजाज 26 अगस्त तक बने रहने की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें- झारखंड हाईकोर्ट का फैसला: JSSC-CGL और CDPO परीक्षा रद्द करने के आदेश पर रोक

चाईबासा में 10 मिमी बारिश दर्ज

गुरुवार को रांची में कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई. चाईबासा में 10 मिमी और बोकारो में 0.4 मिमी बारिश दर्ज की गई. पिछले तीन दिनों में हुई लगातार बारिश के कारण झारखंड के छह जिलों में अब तक सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है. पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 45 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. वहीं रांची और सिमडेगा में छह-छह प्रतिशत, सरायकेला-खरसावां में छह प्रतिशत, खूंटी में आठ प्रतिशत और लातेहार में दो प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.

पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के बराबर रही है. हालांकि, राज्य में एक जून से 20 अगस्त तक कुल बारिश सामान्य से 11 प्रतिशत कम है. इस अवधि में झारखंड में सामान्य बारिश 711.7 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 636.6 मिमी बारिश हुई है.

ये भी पढ़ें- चतरा में जिस्मफरोशी के खिलाफ कार्रवाई, चांदनी रेस्टोरेंट में छापेमारी; हिरासत में 10 लोग

रांची में सामान्य से अधिक बारिश

रांची में एक जून से 20 अगस्त तक सामान्य बारिश 729.6 मिमी है, जबकि अब तक 771.2 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है. यानी राजधानी में इस अवधि में सामान्य से करीब छह प्रतिशत अधिक बारिश हुई है.

इन जिलों में सामान्य से कम बारिश

बारिश के आंकड़ों के अनुसार बोकारो में सामान्य से 26 प्रतिशत, चतरा में 44 प्रतिशत, देवघर में 46 प्रतिशत, धनबाद में नौ प्रतिशत, दुमका में 15 प्रतिशत, गढ़वा में 46 प्रतिशत, गिरिडीह में 37 प्रतिशत, गोड्डा में 29 प्रतिशत, गुमला में 22 प्रतिशत और हजारीबाग में 31 प्रतिशत कम बारिश हुई है. वहीं जामताड़ा में 19 प्रतिशत, कोडरमा में 45 प्रतिशत, लोहरदगा में एक प्रतिशत, पाकुड़ में 53 प्रतिशत, पलामू में 30 प्रतिशत, रामगढ़ में 15 प्रतिशत और साहिबगंज में 20 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjeev kumar

Spacial correspondent of Prabhat khabar ranchi , 28 year experience in journalism field
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >