सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार होने और समर्थकों द्वारा पुलिस बल पर हमला करने के मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो की ओर से दायर डिस्चार्ज पिटीशन पर शुक्रवार को एमपी-एमएलए न्यायालय में सुनवाई हुई. विशेष न्यायिक दंडाधिकारी अर्पिता नारायण की अदालत में जयराम महतो की ओर से उनके अधिवक्ता राखोहरि महतो ने बहस की.
आठ जनवरी को दाखिल की थी याचिका
जयराम महतो की ओर से आठ जनवरी 2026 को अदालत में डिस्चार्ज पिटीशन दाखिल की गयी थी. शुक्रवार को हुई सुनवाई के दौरान अदालत ने अभियोजन को मामले में प्रतिउत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही सुनवाई की अगली तारीख 25 सितंबर 2026 निर्धारित की गयी.
दो मई 2024 को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले में नगरी थाना के अवर निरीक्षक रितेश कुमार महतो की शिकायत पर बीएस सिटी थाना, बोकारो में दो मई 2024 को प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के अलावा पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के प्रयास के दौरान फरार होने और पुलिस बल पर समर्थकों द्वारा हमला करने के आरोप लगाए गए हैं.
