महिला ने की खुदकुशी, दहेज हत्या का आरोप

पिता ने पति, जेठ व देवर समेत ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए दिया आवेदन

हजारीबाग. मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चानो गांव की काजल कुमारी (पति विजय महतो) ने रविवार को घरेलू विवाद में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मामले में मृतका के पिता सहदेव महतो ने ससुराल वालों पर हत्या का मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है. उन्होंने आवेदन में कहा है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने मारपीट कर काजल कुमारी की हत्या की है. काजल का पति विजय महतो दहेज में एक लाख नकद व सोने की चेन की मांग कर रहा था. रुपये व चेन नहीं दिये जाने पर ससुराल वाले काजल के साथ मारपीट व गाली-गलौज करते थे. इसे लेकर बेटी के ससुराल में पंचायत भी की गयी थी. बावजूद ससुराल वाले काजल के साथ मारपीट व प्रताड़ित करते थे. सहदेव महतो ने काजल के पति विजय महतो, भैंसूर मनोज महतो, देवर संजय कुमार समेत अन्य पर हत्या करने का आरोप लगाया है. जानकारी के अनुसार विजय महतो और काजल की शादी 22 फरवरी 2019 को हुई थी. इधर, मुफ्फसिल थाना प्रभारी रोशन वर्णवाल ने कहा कि आवेदन के आधार पर जांच-पड़ताल की जायेगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि महिला ने फांसी लगायी है या मारपीट कर उसकी हत्या की गयी है.

विधायक ने की पोस्टमार्टम में देरी होने की शिकायत

सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने शव का देर से पोस्टमार्टम होने की शिकायत उपायुक्त से की है. उन्होंने कहा कि शाम पांच बजे के बाद पोस्टमार्टम के लिए लाये गये शवों का पोस्टमार्टम नहीं करने का प्रावधान है. इसके बाद भी कागजी प्रक्रिया दूसरे दिन दोपहर एक बजे के बाद शुरू होती है. इस संवेदनशील समय में परिवारों पर गहरा प्रभाव पड़ता है. पोस्टमार्टम के बाद उन्हें क्रियाकर्म करने में परेशानी होती है. उन्होंने शवों का पोस्टमार्टम समय पर किये जाने की मांग की है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >