बरही. बरही पुलिस ने व्यवसायी विक्की सोनी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. यह जानकारी बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर व बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि टास्क फोर्स ने अभियुक्तों को घटना के महज कुछ घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता पायी. गिरफ्तार अभियुक्तों में विक्रम सोनी (पिता विजय साव, ग्राम-थाना नारदीगंज, जिला नवादा) व दिलीप कुमार (पिता केसर चौधरी, ग्राम चंदाखुर्द, थाना वजीरगंज, जिला गयाजी) शामिल हैं. एसडीपीओ ने बताया कि पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार किया है. विक्रम सोनी मृतक विक्की सोनी का अपना छोटा बहनोई है. हत्या पारिवारिक रंजिश की वजह से की गयी है. विक्की सोनी को गोली विक्रम सोनी ने मारी थी. दिलीप कुमार ने सहयोगी की भूमिका निभायी थी. मोटरसाइकिल वही चला रहा था. दोनों विक्की सोनी की हत्या करने की योजना से घर से निकले थे.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर बोकारो से गिरफ्तारी
विक्रम सोनी की बहन की शादी होनेवाली है. वह शादी का कार्ड बांटने के नाम पर निकला था. उन्हें विक्की सोनी बरही-हज़ारीबाग रोड में करसो पुल के पास मिल गया. उसकी कार का टायर पंक्चर हो गया था और वह टायर बदल रहा था. विक्रम ने मौके के फायदा उठाया व विक्की सोनी को गोली मार दी. इसके बाद दोनों भागकर बोकारो चले गये. वे वहां कार्ड बांट रहे थे. टास्क फोर्स की टीम ने उन्हें दबोच लिया. पुलिस टीम विक्रम सोनी का मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते उन तक पहुंची थी. थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया विक्रम सोनी व दिलीप कुमार आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं. इनके खिलाफ नारदीगंज सहित बिहार के थानों में मामले दर्ज हैं. टास्क फोर्स में बरही एसडीपीओ, थाना प्रभारी विनोद कुमार, राजबल्लभ यादव, शमशेर बहादुर सिंह व तकनीकी टीम के लोग शामिल थे. इस हत्याकांड की प्राथमिकी मृतक के भाई सुनील सोनी के आवेदन पर दर्ज की गयी है. गिरफ्तार अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया है.
