हजारीबाग. हजारीबाग-रामगढ़ मार्ग (एनएच-33) पर मुकुंदगंज के समीप सोमवार की सुबह करीब नौ बजे यात्री बस विजय लक्ष्मी (एमपी-44जेडएफ-9211) ने बाइक (जेएच02एक्स-9285) को चपेट में ले लिया. इस घटना में बाइक सवार एयर फोर्स के जवान दीपक कुमार साव (पिता शेखर प्रसाद) की मौत घटनास्थल पर हो गयी. वहीं बाइक चला रहे नीरज कुमार (पिता कमलदेव साव) घायल हो गये. नीरज को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है. दोनों डेमोटांड़ के रहनेवाले हैं व हजारीबाग जा रहे थे. इसी क्रम में हादसा हो गया. इस घटना के बाद डेमोटांड़ में शोक की लहर है. जानकारी के अनुसार दीपक कुमार साव हैदराबाद में पोस्टेड थे. उनकी एक ढाई माह की पुत्री है. वह पत्नी व पुत्री के साथ 15 दिन पहले पैतृक गांव डेमोटांड़ आये थे. घटना की सूचना तत्काल परिजनों ने एयर फोर्स मुख्यालय को दी. जानकारी के अनुसार एयर फोर्स की एक टुकड़ी मृत जवान को अंतिम सलामी देने के लिए 28 अप्रैल को डेमोटांड़ पहुंचेगी.
टाटीझरिया में स्कूटी चालक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
हजारीबाग. हजारीबाग-विष्णुगढ़ पथ (एनएच-522) पर टाटीझरिया थाना क्षेत्र के तेलियाबाट के पास सोमवार को एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार को चपेट में ले लिया. इस घटना में स्कूटी सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान हरिजन टोला हुरलूंग निवासी सुरेश रविदास (40 वर्ष, पिता पूसन रविदास) के रूप में की गयी है. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. जानकारी के अनुसार, सुरेश रविदास अपनी स्कूटी (जेएच02बीभी-1359) से दवा लेने हजारीबाग जा रहे थे. जैसे ही वे तेलियाबाट के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेश स्कूटी समेत सड़क पर दूर जा गिरे. गंभीर चोट आने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर टाटीझरिया थाना प्रभारी इंद्रजीत कुमार व एएसआइ दीपक पाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेजा. पुलिस धक्का मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है. मृतक सुरेश रविदास अपने पीछे तीन बेटियां व एक बेटा छोड़ गये हैं. बेटियों की उम्र 17, 15 और 11 वर्ष है, जबकि बेटा नौ वर्ष का है. घर के कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से परिजनों का बुरा हाल है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.