हजारीबाग. शहर में इन दिनों सड़क पर निकलना लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. सुबह करीब 10 बजे से रात नौ बजे तक प्रमुख सड़कों और चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है. व्यस्त समय में वाहन रेंगते नजर आते हैं. ऑफिस, कोर्ट-कचहरी और स्कूल जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. जाम में फंसने के कारण लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लग रहा है.
मंगलवार को बुढ़वा महादेव चौक के पास भी जाम की स्थिति बनी रही. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. काफी देर तक वाहन चालक और राहगीर जाम खुलने का इंतजार करते रहे. शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी दिनभर वाहनों का दबाव बना रहा.
अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से परेशानी
बुढ़वा महादेव चौक के पास सड़क किनारे अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण आवागमन की जगह कम हो गयी है. सड़क के किनारे बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किये जाने से सड़क की चौड़ाई और कम हो जाती है. व्यस्त समय में छोटे वाहनों का बढ़ता दबाव भी जाम की समस्या को गंभीर बना देता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे वाहनों की अनियमित पार्किंग पर रोक लगाने और अतिक्रमण हटाने से यातायात व्यवस्था में सुधार हो सकता है. लोगों ने प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और जाम से निबटने के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है.
जाम से रोजाना प्रभावित हो रहा आवागमन
शहर में जाम की समस्या नयी नहीं है. बुढ़वा महादेव चौक समेत कई प्रमुख चौक-चौराहों पर पहले भी जाम की समस्या सामने आती रही है. अब लगातार जाम लगने से दैनिक आवागमन करने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी है. लोगों का कहना है कि व्यस्त समय में कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर निगम से सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग पर कार्रवाई करने, अतिक्रमण हटाने और प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है.
