बड़कागांव. बड़कागांव पुलिस ने चोरी के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया. ढेंगा स्थित आर एंड आर पुनर्वास कॉलोनी में एक सप्ताह में कई घरों में चोरी की घटना हुई थी. मामले को लेकर थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने अनुसंधान शुरू की. इसी क्रम में तीन चोरों को बिलियर्ड्स मशीन सहित बिजली तार एवं उपकरण के साथ गिरफ्तार किया गया. थाना प्रभारी ने बताया कि विगत कई दिनों से ढेंगा पुनर्वास कॉलोनी में चोरी की घटना की सूचना मिल रही थी. टीम गठित कर छापामारी अभियान चलाया गया. इसमें रवि कुमार भुइयां, धीरज कुमार रवि व रविंद्र कुमार (तीनों थाना बड़कागांव निवासी) को गिरफ्तार किया गया. इस संबंध में मामला दर्ज कर तीनों को हजारीबाग जेल भेज दिया गया है.
प्रतिमा के जेवरात समेत पांच लाख की चोरी
कटकमसांडी. थाना क्षेत्र के लुटा गांव स्थित घर के अंदर मंडप में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा का मुकुट सहित अन्य जेवरात व सामग्री की चोरी हो गयी. इस संदर्भ में गृहस्वामी पूनम मिश्रा (पति स्व राकेश कुमार मिश्रा) ने थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में कहा गया है कि घर के अंदर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित है. प्रतिमा में चांदी के मुकुट के अलावे सोने का मांग टीका, नथिया, कान बाली, पीतल की थाली, बाल्टी, लोटा, अचमनी सहित अन्य सामग्री की चोरी कर ली गयी. जिसकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये बतायी गयी. आवेदन में पूनम मिश्रा ने कहा है कि वह बच्चों की पढ़ाई को लेकर हजारीबाग शहर में रहती हैं. घर में ताला लगा रहता था. बीच-बीच में आकर घर की देख-रेख करती थीं. जब गुरुवार की सुबह घर पहुंची, तो दुर्गा मंडप का ताला टूटा हुआ पाया. पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच-पड़ताल की व आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.