बरही, हजारीबाग: ग्राम करसो निवासी विशाल कुमार के घर में रविवार रात चोरी हो गयी. चोर नकद सहित घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गये. गृहस्वामी के अनुसार 13 सितंबर की रात भोजन के बाद परिवार के लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गये. सुबह करीब पांच बजे उठने पर एक कमरे का ताला टूटा मिला. कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज भी टूटा हुआ था. उसमें रखे रुपये और गहने गायब थे.
गृहस्वामी ने बताया कि जिस कमरे में चोरी हुई, उसमें हमेशा ताला लगा रहता था. हैरत की बात यह है कि रात में घर के लोगों को चोरों के घुसने की भनक तक नहीं लगी. अनुमान लगाया गया कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और चोरी के बाद घर के पिछवाड़े के दरवाजे से निकल गये. भागने के क्रम में कुछ सामान घर के पिछवाड़े में फेंक दिया था.
बरही थाना में दिया आवेदन
घटना को लेकर गृहस्वामी ने बरही थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में 25 हजार रुपये नकद के अलावा सोने की चेन, अंगूठी, चांदी की पायल, सोने की कनबाली, मंगलसूत्र, मंगटीका, बाला, नथिया, ढोलना, बजरंगबली का चांदी का लॉकेट, चांदी का कटोरा, चांदी की मछली, सोने का हार और जीतवाहन चोरी होने की बात कही गयी है.
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद छानबीन शुरू कर दी है.
