चौपारण. करमा निवासी चौकीदार देवेंद्र पासवान की पत्नी मीना देवी से 20 हजार रुपये की ठगी कर ली गयी. जानकारी के अनुसार मीना देवी ने सोमवार को भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से 49 हजार रुपये की निकासी की. वह बैंक परिसर में ही बैठकर रुपये गिनने लगीं. तभी एक युवक उनके पास आकर बैठ गया. बातचीत के दौरान वह रुपये गिनने में मदद करने लगा. मीना देवी ने बताया कि बैंक से निकाले गये नोटों में एक पर रंग लगा हुआ था. जिसे देखकर युवक ने उन्हें नोट बदलने की सलाह दी. मीना देवी रंग लगे नोट को बदलने के लिए बैंक काउंटर की ओर गयीं. इसी बीच युवक उनके पास रखे लगभग 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया. जब महिला वापस लौटीं, तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ. घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची. युवक का सुराग पाने के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. सीसीटीवी में आरोपी युवक पैसे लेकर बाइक से तेज गति से जाते हुए दिख रहा है.
चौकीदार की पत्नी से 20 हजार का ठगी
बैंक परिसर में नोट गिनने के बहाने युवक ने झांसे में लिया
