पुत्री की शादी का कार्ड बांटने निकले शिक्षक को ट्रेलर ने चपेट में लिया, मौत
बरकट्ठा. बरकट्ठा थाना क्षेत्र के ग्राम सकरेज के समीप जीटी रोड पर शुक्रवार सुबह लगभग 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. मोटरसाइकिल (जेएच02टी 9532) पर सवार शिक्षक चंद्रशेखर आज़ाद (52 वर्ष), पिता गुलो महतो, अपनी पुत्री की शादी का निमंत्रण पत्र बांटने निकले थे. इसी दौरान सरिया लदा ट्रेलर (एनएल01एसी 9438) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गयी. दुर्घटना स्थल पर बाइक की डिक्की से शादी का कार्ड मिला, जिसमें उनकी पुत्री लक्ष्मी कुमारी की शादी सात मई को तय थी. इस घटना ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया. ग्रामीणों ने ट्रेलर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही बरकट्ठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. चंद्रशेखर आज़ाद सरकारी शिक्षक थे और गौरिया करमा बरही के एक स्कूल में उनकी पोस्टिंग थी. उनकी असामयिक मृत्यु से परिवारजन और ग्रामीण शोकाकुल हैं. शादी की तैयारियों में जुटा परिवार अब गहरे सदमे में है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.