हजारीबाग. बड़कागांव पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में बढ़ते संगठित अपराध पर अंकुश लगाने को लेकर एसपी अमन कुमार ने बुधवार को बड़कागांव थाना में अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, इंस्पेक्टर शाहिद रज्जा, बड़कागांव, केरेडारी, कटकमदाग तथा उरीमारी ओपी के प्रभारी समेत सभी पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए. बैठक में एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को संगठित अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए मजबूत रणनीति बनाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए सक्रिय विभिन्न संगठित गिरोह लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इससे कंपनियों के अधिकारियों, बड़े संवेदकों और ट्रांसपोर्टरों के बीच व्याप्त दहशत को समाप्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाये. एसपी ने थानेदारों को संगठित अपराध से संबंधित नये कांडों में त्वरित अनुसंधान कर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने वर्ष 2025 से पूर्व तथा वर्तमान में लंबित सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने को कहा. साथ ही थानों में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, इश्तेहार और कुर्की की कार्रवाई अभियान चलाकर पूरी करने का निर्देश दिया. उन्होंने मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ऐसे स्थानों को चिह्नित करने को कहा, जहां नशा कारोबार से जुड़े पेडलर सक्रिय रहते हैं. इन स्थानों पर नियमित छापेमारी कर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. एसपी ने पुलिस और आम लोगों के बीच बेहतर समन्वय बनाये रखने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि थाना में आने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाये और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाये.
संगठित अपराध पर रणनीति बनाकर करें कार्रवाई : एसपी
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बड़कागांव में अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने संगठित गिरोहों और लेवी वसूली पर लगाम लगाने के लिए पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

संगठित अपराध पर रणनीति बनाकर करें कार्रवाई : एसपी