हजारीबाग. सदर प्रखंड के बैहरी-सखिया गोपाल शिवांगना शिव मंदिर मेला परिसर में गुरुवार को रथयात्रा के अवसर पर प्रवेश द्वार का भूमि पूजन एवं शिलान्यास सांसद मनीष जायसवाल किया गया. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य अमरजीत पांडे ने विधि-विधान से पूजन कराया. ट्रस्ट के उपाध्यक्ष पुरन महतो ने सांसद का स्वागत किया.ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि करीब 150 वर्ष पुराने इस धार्मिक स्थल पर 13 गांव का पारंपरिक मेला लगता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं.
यहां शिव मंदिर के अलावा दुर्गा, हनुमान और राधा-कृष्ण मंदिर भी हैं तथा वर्षभर पूजा-अर्चना और विवाह जैसे धार्मिक आयोजन होते हैं.सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रवेश द्वार बनने से मेला परिसर की भव्यता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं को बेहतर पहचान मिलेगी. शिलान्यास के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया.
शाम पांच बजे बनारस व हजारीबाग की गायत्री टीम द्वारा कथा-प्रवचन एवं भजन-कीर्तन तथा शाम छह बजे महाआरती का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी, सांसद की टीम और बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु उपस्थित थे.
