न्याय की मांग को लेकर शव के साथ सड़क जाम

प्रेम प्रसंग में विफल युवती की जान देने का मामला

विष्णुगढ़. प्रेम प्रसंग में विफलता और दहेज के दबाव में आकर एक 20 वर्षीय युवती ने 20 जनवरी को जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी. इसे लेकर युवती के परिजन व ग्रामीणों ने बुधवार को शव के साथ विष्णुगढ़-गोमिया मुख्य मार्ग को करीब 45 मिनट तक जाम रखा. जाम के कारण करंज मोड़ के दोनों किनारे वाहनों की लंबी कतार लग गयी. जिससे राहगीरों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. इससे पूर्व युवती के परिजन एवं स्थानीय ग्रामीणों ने थाना परिसर के सामने न्याय की गुहार लगायी. परिजनों ने आरोपी प्रेमी पर शारीरिक शोषण करने व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया. इस संबंध में थाना प्रभारी सपन कुमार महथा ने बताया कि मामला दर्ज किया गया है. बहुत जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा. वहीं अंचलाधिकारी नित्यानंद दास द्वारा जांच में दोषी पाये जाने पर आरोपी को नहीं बख्शने व सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाये जाने के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया.

शादी का दबाव देने पर आरोपी ने पांच लाख दहेज मांगा

मृतका की मां के अनुसार उनकी बेटी का ढंगर टोली निवासी रवि कुमार के साथ दो वर्ष से प्रेम प्रसंग चल रहा था. रवि ने शादी का झांसा देकर उनकी बेटी का शारीरिक शोषण किया. जब बेटी ने रवि कुमार पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो उसने दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग कर दी. इससे आहत होकर उनकी बेटी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया. गंभीर स्थिति में उसे हजारीबाग के आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 20 जनवरी को इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >