हजारीबाग के गदोखर में मुखिया के भाई की हत्या, दिपुगढ़ा में चाकू मारकर किया घायल

Hazaribagh News: हजारीबाग में रामनवमी जुलूस के दौरान दो हिंसक घटनाएं सामने आईं. गदोखर गांव में एक व्यक्ति की भुजाली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दिपुगढ़ा में एक युवक पर चाकू से हमला हुआ. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

हजारीबाग से जयनारायण की रिपोर्ट

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान शुक्रवार देर रात दो अलग-अलग जगहों पर हिंसक घटनाएं सामने आईं. इन घटनाओं ने पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना दिया है. एक ओर गदोखर गांव में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, तो वहीं दूसरी ओर दिपुगढ़ा में एक युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है.

गदोखर गांव में मुखिया के भाई को बनाया निशाना

पहली घटना पेलावल ओपी थाना क्षेत्र के गदोखर गांव की है, जहां रामनवमी जुलूस के दौरान गांव के मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (करीब 40 वर्ष) की निर्मम हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि जुलूस के दौरान कुछ युवक एक वाहन के बोनट पर चढ़कर नाच रहे थे, जिससे विवाद की शुरुआत हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामा साव ने युवकों को वाहन से नीचे उतरने को कहा, जिस पर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि हिंसक रूप ले लिया.

बहस के बाद भुजाली से किया गया हमला

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि बहस के दौरान ही युवकों ने अचानक रामा साव पर भुजाली से हमला कर दिया. हमला बेहद गंभीर था और रामा साव की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद जुलूस का माहौल पूरी तरह बिगड़ गया और गांव में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही थी, जो इस मौके पर सामने आ गई और हिंसा में बदल गई.

परिवार ने लगाए हत्या के आरोप

मृतक के भाई और मुखिया पति नारायण साव ने आरोप लगाया है कि गांव के ही कर्ण यादव, रितेश यादव, अभिषेक यादव और अरुण यादव ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है. उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है. इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव के लोग भी गमगीन हैं.

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा.

दिपुगढ़ा में युवक पर चाकू से हमला

दूसरी घटना कोर्रा थाना क्षेत्र के दिपुगढ़ा की है, जहां रामनवमी जुलूस के दौरान ही एक युवक मुकेश सिंह पर जानलेवा हमला किया गया. बताया जा रहा है कि किसी विवाद के चलते एक युवक ने मुकेश पर भुजाली से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मुकेश सिंह को तुरंत इलाज के लिए आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है.

इसे भी पढ़ें: Stone Pelting: रामनवमी की रात खूंटी के मुरहू में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव

इलाके में तनाव, पुलिस सतर्क

दोनों घटनाओं के बाद हजारीबाग में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है. पुलिस ने एहतियात के तौर पर कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है. प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहा है और अफवाहों से बचने को कहा गया है. अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर पूरी तरह नजर रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: Theft: रामनवमी के दिन रांची में 15 लाख की चोरी, बंद घर में चोरों हाथ किया साफ

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >