बारिश से राहत, पर आंधी से बिजली ठप

तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ व पोल गिरे, 33 हजार लाइन क्षतिग्रस्त होने से ब्लैक आउट की स्थिति

हजारीबाग. जिले में बुधवार की दोपहर झमाझम बारिश सेे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. बारिश के बाद तापमान में करीब पांच से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गयी. बुधवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हालांकि तेज हवा के कारण कई स्थानों पर पेड़ और पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गयी. इसमें हजारीबाग शहर, सदर, दारू, टाटीझरिया, कटकमदाग, केरेडारी, बड़कागांव प्रखंड शामिल हैं. दोपहर करीब तीन बजे से समाचार लिखे जाने तक जिले के अधिकांश हिस्सों में ब्लैक आउट की स्थिति थी. आंधी-पानी से शहर और ग्रामीण इलाकों में कई जगहों पर 33 हजार लाइन प्रभावित हुई. जिससे बिजली बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं. शहरी क्षेत्र में रेनॉल्ट-बुलेट शोरूम के पास 33 हजार लाइन पर पेड़ की डाल गिर गयी. वहीं पुराना समाहरणालय के समीप, मेडिकल कॉलेज रोड स्थित आकाशवाणी केंद्र और सिविल सर्जन आवास के पास भी पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी. इन इलाकों में मरम्मत कार्य जारी है.

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति गंभीर :

भेलवारा-मोरंगी के बीच चार बिजली के पोल टूटकर गिर गये, जिससे 33 हजार लाइन में खराबी आ गयी. इसके अलावा डेमोटांड़, बड़कागांव, हुपाद और भेलवारा के बीच कई जगहों पर लाइन में फॉल्ट बताया गया. बनासो क्षेत्र में बिजली तार पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हो गयी है. कटकमदाग प्रखंड के बेंदी गांव में तीन और कुद में दो बिजली के पोल पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त हो गये हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

प्रभारी विद्युत कार्यपालक अभियंता, हजारीबाग शेखक सुमन ने बताया कि जिन स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली बाधित हुई है, वहां युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है. अन्य क्षेत्रों में भी जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जायेगी. विभाग की टीम लगातार मरम्मत कार्य में जुटी हुई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >