नीट के परीक्षा केंद्रों पर निषेधाज्ञा लागू, परीक्षा आज

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2025 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त नैंसी सहाय और एसपी अरविंद कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है.

हजारीबाग. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2025 के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त नैंसी सहाय और एसपी अरविंद कुमार सिंह ने परीक्षा केंद्रों के बाहर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है. परीक्षा चार मई 2025 को सदर अनुमंडल के कुल आठ केंद्रों में आयोजित होगी. परीक्षा संत कोलंबस कॉलेज (सेंटर ए और बी), केबी महिला कॉलेज, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बीएसएफ मेरु कैंप, मार्खम कॉलेज ऑफ कॉमर्स, आरके प्लस टू हाई स्कूल कटकमसांडी, केएन प्लस टू हाई स्कूल इचाक और जवाहर नवोदय विद्यालय बोंगा, इचाक में संचालित की जायेगी. उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में परीक्षार्थियों को छोड़कर अन्य व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा. इस क्षेत्र में घातक हथियार, लाठी, आग्नेयास्त्र लेकर घूमने की अनुमति नहीं होगी. परीक्षा केंद्र में बुक, नोटबुक, पेपर, मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना प्रतिबंधित रहेगा. लाउडस्पीकर आदि का उपयोग भी वर्जित रहेगा. यह निषेधाज्ञा परीक्षा समाप्ति तक सभी केंद्रों पर लागू रहेगी, हालांकि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सरकारी पदाधिकारी, पुलिस कर्मी और अन्य आवश्यक कर्मचारियों को इससे छूट दी गयी है.

राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सिलवार में वार्षिक प्रशिक्षण शुरू

हजारीबाग. राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिलवार में दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ. इसमें विभिन्न बटालियनों और शैक्षणिक संस्थानों के 597 एनसीसी कैडेटों, 50 प्रशिक्षकों और सपोर्ट स्टाफ की भागीदारी रही. डीएवी सीनियर विंग के 50 बच्चे भी इस प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए़ शिविर का उद्देश्य राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सेवा की भावना विकसित करना है. कार्यक्रम में 22 झारखंड बटालियन, एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल एंटनी हेनरी सेल्वम ने कहा कि राष्ट्र निर्माण और व्यक्तिगत विकास में एनसीसी प्रशिक्षण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है़ उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए एनसीसी कैडेटों के योगदान पर जोर दिया. उन्होंने कैडेटों को शिविर की विविध गतिविधियों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया, जिनमें शारीरिक प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, हथियार चलाने और सामाजिक सेवा की गतिविधियां शामिल हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Praveen

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >