हजारीबाग में प्रिंस खान गैंग पर पुलिस का शिकंजा, तीन गुर्गे समेत हथियार सप्लायर गिरफ्तार

Hazaribagh Crime: हजारीबाग पुलिस ने प्रिंस खान और राहुल दुबे गैंग से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से पिस्टल, दो देशी बम, कारतूस, मोबाइल और पर्चे बरामद किए गए हैं.

हजारीबाग: जिले में संगठित अपराध के खिलाफ हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने कुख्यात प्रिंस खान और राहुल दुबे गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा गिरोह के सदस्यों को हथियार उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को भी पुलिस ने दबोचा है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय, नवाडीह निवासी ओमप्रकाश पांडेय, रामगढ़ मेन रोड पतरातू निवासी कुणाल कुमार पांडेय और पतरातू बाजार निवासी करमा कुमार साहू के रूप में हुई है.

दो देशी बम, पिस्टल और कारतूस बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी बम, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक खोखा, छह मोबाइल फोन और चार पर्चे बरामद किए हैं. पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है.

फायरिंग मामले की जांच में तीन आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि 25 जुलाई की रात 13 माइल इलाके में हुई फायरिंग की घटना के अनुसंधान के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले. इसी क्रम में पुलिस ने अंकित कुमार पांडेय को गिरफ्तार किया. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ओमप्रकाश पांडेय और कुणाल कुमार पांडेय को भी गिरफ्तार कर लिया.

एसपी के अनुसार, हथियार बरामद करने के लिए पुलिस टीम अंकित कुमार पांडेय को लेकर पिपराडीह के समीप बंद पड़े गैस प्लांट पहुंची थी. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान आरोपी ने छिपाकर रखे हथियार निकालने के बाद पुलिस टीम को धक्का दिया और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अंकित पांडेय के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर बड़कागांव स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.

गिरोह को हथियार सप्लाई करता था करमा साहू

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार करमा कुमार साहू राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों को हथियार उपलब्ध कराता था. वह टेलीग्राम ऐप के माध्यम से गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था. आरोप है कि गिरोह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों का इस्तेमाल कर गिद्दी थाना क्षेत्र के व्यापारियों, ठेकेदारों, कोयला कंपनियों और कोयला कारोबारियों के बीच हथियार का भय दिखाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश करता था.

एसपी अमन कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि करमा साहू प्रिंस खान और राहुल दुबे के नाम पर गिद्दी थाना क्षेत्र में रंगदारी के लिए दहशत फैला रहा है. इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए करमा साहू को गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस ने बताया कि करमा साहू का आपराधिक इतिहास भी रहा है. गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shankar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >