बरकट्ठा (हजारीबाग): बरकट्ठा थाना क्षेत्र के झुरझुरी गांव निवासी फरार अभियुक्त विजय पासवान (पिता सकलदेव पासवान) के घर मंगलवार को पुलिस ने इश्तेहार चिपकाया. बरकट्ठा थाना के एसआई सुभाष राम के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ढोल बजाकर अभियुक्त के घर पर इश्तेहार चिपकाया. पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
पुलिस के अनुसार, विजय पासवान, पिता सकलदेव पासवान, एक मामले में फरार चल रहा है. मामले में न्यायालय की ओर से उसके खिलाफ इश्तेहार जारी किया गया है. हजारीबाग न्यायालय से निर्गत इश्तेहार के तहत पुलिस ने मंगलवार को अभियुक्त के घर पर इसे चस्पा किया.
एक माह में कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ तो होगी कुर्की
एसआई सुभाष राम ने बताया कि न्यायालय के निर्देश के अनुसार, अभियुक्त को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखना होगा. इश्तेहार चिपकाए जाने के बाद भी अगर वह एक महीने के भीतर न्यायालय में हाजिर नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसी स्थिति में न्यायालय द्वारा कुर्की वारंट जारी किया जा सकता है.
मौके पर पुलिस ने फरार अभियुक्त के परिजनों को भी न्यायालय के निर्देश और आगे होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई है. अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही है.
ये भी पढ़ें-झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू, 14 अगस्त को आएगी मेरिट लिस्ट
