हजारीबाग: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय हजारीबाग में हिंदी माह कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. विद्यालय की प्राचार्य अंकिता शर्मा और प्रधानाध्यापिका पल्लवी भारती ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया.
प्राचार्य अंकिता शर्मा ने कहा कि हिंदी माह का आयोजन सितंबर तक किया जायेगा. इस दौरान हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार को लेकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय के कर्मचारियों के लिए विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा. ये कार्यक्रम केंद्रीय विद्यालय संगठन मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से निर्धारित तिथियों के अनुसार आयोजित किये जायेंगे.
उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में हिंदी के सहज और प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ भाषा के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने की जरूरत है. विद्यालय के राजभाषा प्रभारी प्रकाश कुमार मेहता ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संवेदना, संस्कृति, संस्कार और अभिव्यक्ति की पहचान है. यह हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है.
प्रधानाध्यापिका पल्लवी भारती ने कहा कि वर्तमान समय में अंग्रेजी समेत दूसरी भाषाओं का ज्ञान जरूरी है, लेकिन अपनी मातृभाषा और हिंदी को सम्मान देना भी हमारा दायित्व है. कार्यक्रम के दौरान दसवीं कक्षा की छात्रा तनीषा कुमारी ने रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध काव्य रचना ‘रश्मिरथी’ प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया.
मौके पर सीसीए प्रभारी भाग्यश्री पाल, प्रियंका कुमारी, डीके पांडेय, आनंद कुमार, कुमार बाल शिव, गणेश कुमार, विभा कुमारी मिश्रा, पीके पांडेय, अभिषेक, पुष्प गौरव, राजेश राणा और शांति देवी समेत विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद थे.
