बरकट्ठा. प्रखंड क्षेत्र के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ नये साल का पहला दिन मनाया. बुधवार की रात 12 बजते ही चौक-चौराहों में आतिशबाजी और हैप्पी न्यू इयर का आवाज गूंजने लगी. खासकर युवा नये साल का जश्न मनाने के लिए घर से निकल कर सड़क पर आकर थिरकने लगे. गुरुवार की सुबह नववर्ष पर क्षेत्र के विभिन्न पिकनिक स्पॉट पर लोग सपरिवार पहुंचे और मनोरंजन के साथ लजीज व्यंजनों का लुत्फ उठाया. पिकनिक स्पॉट पर युवाओं की टोली डीजे की धुन पर थिरकती नजर आयी. एक जनवरी को लेकर बरकट्ठा में मुर्गा, मछली, मटन की दुकानों पर खरीदारों की सुबह से ही लाइन लगी रही. वहीं सूर्यकुंड में पर्यटकों की भीड़ थी. यहां दूर-दराज क्षेत्र से लोग परिवार और मित्रों के साथ पहुंचे थे. इसके अलावा पतालसुर नदी तट, बेलवा नदी घाट, बरसोती नदी घाट, निशनलगवा पहाड़ी झरना समेत अन्य स्थानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गयी. धार्मिक पर्यटक स्थल सूर्यकुंड में दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे हजारों लोगों ने गर्म जलकुंड में स्नान कर प्राचीन मंदिर और सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
