इचाक. शालपर्णी इंडियन पेट्रोल पंप के मैनेजर ग्राम कुटुमसुकरी निवासी शंकर रविदास की हत्या मामले में इचाक पुलिस ने एक आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. जबकि मुख्य आरोपी राजेश कुमार मेहता ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस ने बताया कि राजेश कुमार मेहता ने दो दिन पूर्व न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. मालूम हो कि 15 अप्रैल 2025 को शंकर रविदास सेल का रुपया जमा करने के लिए बैंक जा रहा था. इसी क्रम में सिझुआ स्कूल के पास अपराधियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी एवं बैग में रखे 11 लाख रुपये लूट लिये थे.
अवैध कोयला लदा ट्रक साइडिंग में घुसा, जब्त
चरही. अवैध कोयला से लदा एक ट्रक रविवार को अनियंत्रित होकर चरही रेलवे साइडिंग में घुस गया. साइडिंग में घुसने के बाद ट्रक फंस गया. ट्रक में 35 टन कोयला लदा हुआ था. ट्रक जोराकाठ की ओर से आ रहा था. इस बाबत रेलवे साइडिंग के सुरक्षा प्रभारी जगदीश मुंडा ने चरही थाना में आवेदन दिया है. आवेदन में बताया है कि रविवार तड़के तीन बजे 14 चक्का ट्रक (जेएच02एवी-6894) अनियंत्रित होकर साइडिंग परिसर में घुस गया. ट्रक ने पानी टंकी के पास बिजली तार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. इसकी जानकारी सीसीएल प्रबंधन, सुरक्षा गश्ती दल तथा चरही थाना को दी गयी. सीसीएल प्रबंधन ने जेसीबी व हाइड्रा की मदद से ट्रक को साइडिंग से निकालकर चरही थाना को सुपुर्द कर दिया.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
