हजारीबाग. हालिया विवाद के बीच हजारीबाग जिला क्रिकेट एसोसिएशन (एचडीसीए) की ओर से बुधवार को संजय सिंह स्टेडियम में विशेष प्रेस वार्ता की गयी. इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल ने स्पष्ट कहा कि संजय सिंह स्टेडियम को जो बंद करेगा, उसका पैर पकड़ने के लिए भी हम तैयार रहेंगे. कोई भी स्टेडियम को बंद नहीं कर सकता. उन्होंने कहा कि छोटा भाई को पहले बड़ा भाई मानना पड़ेगा. अगर छोटा भाई उदंड हो और उद्दंडता करे, तो बड़ा भाई हाथ जोड़कर उसे नहीं मनायेगा. हम वैसे राम नहीं हैं. उन्होंने हाल के विवादों पर कहा कि विशेष मेंबर को यदि किसी प्रकार की नाराजगी थी, तो संगठन से बातचीत की जा सकती थी. संवाद के माध्यम से समाधान निकाला जा सकता था और विवाद की स्थिति नहीं बनती. प्रेस वार्ता में एचडीसीए ने संगठन के इतिहास, मैदान विकास, क्रिकेट गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए जेपीएल महिला टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की. इस दौरान सचिव बंटी तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. सांसद ने कहा कि एचडीसीए का गठन वर्ष 1986 में हुआ था और समय के साथ जनप्रतिनिधियों के सहयोग से मैदान का विकास हुआ. उन्होंने कहा कि हजारीबाग क्रिकेट को पहचान दिलाने में संजय सिंह का योगदान अविस्मरणीय रहा है. मैदान उपलब्ध कराने से लेकर क्रिकेट अधोसंरचना विकसित करने तक उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, इसी कारण स्टेडियम का नाम उनके नाम पर रखा गया. उन्होंने कहा कि संगठन महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रहा है और जल्द ही जेपीएल महिला टूर्नामेंट का आयोजन किया जायेगा. संगठन का लक्ष्य जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना और रणजी ट्रॉफी में खेलने का अवसर दिलाना है.
संजय सिंह स्टेडियम को कोई बंद नहीं कर सकता : मनीष जायसवाल
हालिया विवाद के बीच एचडीसीए ने की प्रेस वार्ता
