नवविवाहिता ने की आत्महत्या

पिता ने ससुराल वालों पर लगाया दहेज हत्या का आरोप

पदमा. प्रखंड के जीहू गांव में नवविवाहिता कृति कुमारी (22 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. कृति का विवाह चार माह पहले जीहू गांव के बीरेंद्र मेहता के पुत्र पिंटू मेहता के साथ हुआ था. मृतका के पिता गौरीशंकर मेहता ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है. कहा है कि 10 लाख रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी गयी. गौरीशंकर मेहता के अनुसार पति पिंटू मेहता, ससुर बीरेंद्र मेहता, दादा ससुर खिरोधर मेहता और सास ने मिलकर कृति की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया है. उन्होंने बताया कि सात अक्तूबर की दोपहर लगभग तीन बजे दामाद पिंटू मेहता ने मेरे बेटे को फोन कर बताया कि कृति ने फांसी लगा ली है. जब हमलोग वहां पहुंचे, तो देखा कि कृति को कुर्सी पर बैठाकर रखा गया है. इसके बाद आनन-फानन में उसे लेकर हजारीबाग शेख भिखारी अस्पताल पहुंचे. जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले कृति को पैसे के लिए प्रताड़ित कर रहे थे. दामाद 10 लाख रुपये मांगकर लाने को कहता रहता था. इस बात को लेकर कई बार कृति पर अत्याचार किया गया. घटना के एक दिन पहले छह सितंबर को पैसे की मांग करने पर कृति ने फोन किया था. तब उन्होंने व कृति के चाचा ने वहां जाकर इस पर बात की. बेटी की परेशानी को देखते हुए पैसे देने की बात भी कही थी, पर वे लोग एक बार में पैसा मांग रहे थे. पर मैं एक बार में उतना पैसे देने में असमर्थ था. बात नहीं बनने पर विवाद को देखते हुए बेटी को ले जाने की बात कही, पर ससुरालवालों ने कृति को उनके साथ मायके नहीं जाने दिया. उसी के दूसरे दिन घटना घटी. इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पदमा पुलिस ने जीहू गांव पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल की. ओपी प्रभारी संचित कुमार ने बताया कि लड़की के पिता ने ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा होगा. लड़की के पिता का फर्द बयान आने के बाद मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >