पूजा-पाठ व पिकनिक के साथ नये वर्ष का आगाज

देर रात आतिशबाजी कर युवाओं ने किया नये वर्ष का स्वागत

इचाक. वर्ष 2025 की विदाई एवं नूतन वर्ष 2026 के पहले दिन का स्वागत इचाक वासियों ने गर्मजोशी के साथ किया. बुधवार की मध्य रात्रि से ही लोगों के मोबाइल पर हैप्पी न्यू इयर की घंटियां बजने लगी. लोग एक-दूसरे को नववर्ष की बधाई देने में व्यस्त रहे. मध्य रात्रि से ही गांव में युवकों की टोली डीजे की धुन पर डांस करते देखी गयी. युवाओं ने चौक-चौराहों पर हैप्पी न्यू इयर की रंगोली बनायी व आतिशबाजी कर खुशियां मनायी. बुजुर्गों की टोली ने बुधवार की रात भजन-कीर्तन कर नये वर्ष के आगमन का स्वागत किया. गुरुवार को अधिकांश लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर वर्ष के पहले दिन की शुरुआत की. लोगों ने प्रखंड के पिकनिक स्पॉट नेशनल पार्क वन क्षेत्र के राजडेरवा, सालपर्णी, बाघमारा चेकडैम एवं लोटवा डैम में पिकनिक का लुत्फ उठाया. इसके अलावा प्रखंड के फुरुका नदी, सेवाने नदी, सूर्य मंदिर तालाब, बंशीनगर जंगल, हदहदवा, देवकुली नदी, छबेलवा जंगल, लोटिया डैम, लुकैया जंगल, रामसागर तालाब के समीप जंगल, तेतरिया नाला, डाडीघाघर जंगल, मूर्तिया, कालाद्वार जंगल समेत सभी पिकनिक स्थलों पर लोगों की भीड़ लगी रही. युवकों की टोली ने डीजे की धुन पर नृत्य कर मौज-मस्ती की. इधर, गुरुवार की सुबह बुढ़िया माता मंदिर, चंपेश्वरी मंदिर नावाडीह, गायत्री मंदिर के अलावा सभी गांव के देवी मंदिर एवं शिव मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए भीड़ लगी रही. सुरक्षा को लेकर इचाक पुलिस मुस्तैद दिखी. अधिकारी गश्ती दल के साथ पिकनिक स्थलों पर गश्त लगाते नजर आये.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sunil prasad

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >