हजारीबाग. नगर निगम ने जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के लिए बुधवार को ‘कैच द रेन-2026’ अभियान का शुभारंभ किया. अभियान के तहत अगले 30 दिनों तक जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न जन-जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.
सहायक नगर आयुक्त अनिल पांडेय ने कहा कि जल संरक्षण मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने नागरिकों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल स्रोतों के संरक्षण तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की.
अभियान के तहत वर्षा जल संचयन संरचनाओं को बढ़ावा देने, भूजल पुनर्भरण, तालाबों एवं अन्य जलाशयों के संरक्षण और पुनर्जीवन, स्वच्छता व श्रमदान, पौधारोपण तथा विद्यालयों और महाविद्यालयों में निबंध, चित्रकला, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा. इस अवसर पर सिटी मैनेजर सतीश कुमार, अरुण कुमार बाउरी सहित अन्य लोग मौजूद थे.
