हजारीबाग: नशा मुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से माउंट कार्मेल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली. रैली में कक्षा छह से 10वीं तक के करीब 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. विद्यार्थियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की. विद्यार्थियों ने नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया.
रैली माउंट कार्मेल स्कूल परिसर से शुरू होकर कारगिल पेट्रोल पंप, कोलंबस चौक और हुरहूगंज होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई. इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और स्वस्थ एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया.
विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर जेसी मारिया ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है. युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ना चाहिए. रैली के माध्यम से समाज के सभी वर्गों से नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने की अपील की गयी.
