हजारीबाग. मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने विधानसभा के बजट सत्र में मांडू को अनुमंडल बनाने की मांग रखी. विधायक ने कहा कि मांडू अनुमंडल बनने के लिए सभी अहर्ताएं पूरी करता है. इससे छोटी-छोटी जगहों को अनुमंडल बनाया गया है. इसके अलावा मांडू के कई एरिया में चोरी की घटनाएं बढ़ गयी हैं. इसका कोई उदभेदन नहीं होता है. इससे चोरों का मन बढ़ गया है. कई माह बीत जाने के बाद भी इन मामलों का कोई उदभेदन नहीं हो पा रहा है, जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण विषय है, इसलिए इन विषयों पर सरकार गंभीरता दिखाये और कार्रवाई करे.
विधायक ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला विस में उठाया
बरही. बरही विधायक मनोज कुमार यादव ने गोरिया करमा में खता नंबर एक प्लॉट नंबर 2900 की सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मामला शुक्रवार को विधानसभा में तारांकित प्रश्न द्वारा उठाया. प्रश्न के उत्तर में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग ने स्वीकार किया है कि प्रश्नगत खाता एक प्लॉट नंबर 2900 की भूमि पर अतिक्रमण किया गया है. भूमि पर 30-40 वर्षों से ग्रामीणों का बसावट है व उसपर 60 से 70 कच्चे पक्के मकान, कुएं व खेत मौजूद हैं. रैयतों के पास राजा कामाख्या नारायण सिंह द्वारा जारी किया गया हुकूमनामा है व ऑफ लाइन लगान रसीद भी उपलब्ध है. लोकहित व जन उपयोगी के लिए उक्त भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया जायेगा. हज़ारीबाग उपायुक्त ने 24 फरवरी को पत्र लिख कर विभाग को बताया है कि उक्त भूमि पर से अतिक्रमण हटाने के लिए झारखंड पब्लिक लैंड एन्क्रॉचमेंट एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
