हजारीबाग. विधायक प्रदीप प्रसाद ने शनिवार को अपने जनसेवा कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व तथा अन्य जनसरोकार से जुड़े मामलों को विधायक के समक्ष रखा.
विधायक ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से चर्चा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिये. विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
उन्होंने कहा कि जनसेवा ही उनका सबसे बड़ा दायित्व है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए वह लगातार प्रयासरत हैं. उन्होंने अधिकारियों से भी संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा.
उन्होंने बताया कि जनसेवा कार्यालय में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है, ताकि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान हो सके और सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके.
