हजारीबाग: हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने सोमवार को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. शाहपुर में आयोजित गणेश उत्सव में शामिल होकर उन्होंने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की.
बंझिया मोड़ पर उन्होंने आदिवासी मूलवासी एकता संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों से मुलाकात की. संघ की ओर से उनका स्वागत किया गया और आगामी करम महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया. विधायक ने करम पर्व को आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया.
ठौठवा में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं से जनसंवाद कर विधायक ने उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया. इसके बाद वरिष्ठ समाजसेवी व पैक्स अध्यक्ष राजकिशोर सिंह उर्फ राजू सिंह के आवास पहुंचकर उनके पिता के निधन पर परिजनों से मिलकर संवेदना जतायी. आराभुसाई में मुखिया आदित्य दांगी की माता के एकादशाह कार्यक्रम में भी शामिल हुए.
झूनिया देवी की प्रतिमा का हुआ अनावरण
मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो की माता स्व. झूनिया देवी की द्वितीय पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भी प्रदीप प्रसाद शामिल हुए. इस दौरान स्व. झूनिया देवी की प्रतिमा का अनावरण किया गया तथा जरूरतमंदों के लिए एंबुलेंस सेवा शुरू की गयी.
विधायक ने कहा कि जनसेवा के साथ सामाजिक व सांस्कृतिक सरोकारों को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है.
