शव के साथ कंपनी गेट पर ताला जड़ प्रदर्शन

सड़क दुर्घटना में युवक की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश

चौपारण. बरही में 27 सितंबर को सड़क हादसे में रामसागर कुमार (30 वर्ष, लसकरी निवासी) की मौत हो गयी थी. घटना के दूसरे दिन रविवार को परिजनों ने मुआवजा की मांग को लेकर शव के साथ पाण्डेयबारा स्थित राजकेशरी उर्फ कौशल इंजीनियरिंग कैंप के मेन गेट पर ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया. परिजन सिक्सलेन सड़क निर्माण कर रही कंपनी पर घोर लापरवाही का आरोप लगा रहे थे. इस दौरान स्थिति को अनियंत्रित होता देख बेस कैंप के पास सीओ संजय यादव व थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी को बड़ी संख्या में पुलिस बल को मंगाना पड़ा. उसके बाद भी हो-हंगामा होता रहा. बाद में विधायक मनोज यादव की पहल पर मामला शांत हुआ. विधायक मनोज कुमार यादव ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दी. कंपनी के प्रबंधक से बात कर मृतक के परिजन को तत्काल मुआवजा देने का निर्देश दिया. उन्होंने सिक्सलेन सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं और धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की. कहा कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. कंपनी की लापरवाही के कारण एक सप्ताह के अंदर 10 लोगों की जान जा चुकी है. विधायक ने सीओ और थाना प्रभारी से कहा कि जब तक कंपनी द्वारा निर्माण कार्य में अनियमितता नहीं बरतने और कार्य में तेजी लाने की बात नहीं की जाती है, तब तक सड़क निर्माण कार्य बंद रहेगा. स्थानीय लोगों ने कहा कि सड़क पर उचित संकेतक, बैरिकेडिंग और प्रकाश का अभाव हादसों का प्रमुख कारण बना है.

वाहन से कुचलने से हुई थी मौत

बरही. बरही में जीटी रोड पर गडलाही मोड़ के पास 27 सितंबर की रात एक वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया. जिससे घटनास्थल पर बाइक सवार की मौत हो गयी. मृतक की पहचान ग्राम लश्करी के रामसागर कुमार (30 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार राम सागर इंजन मिस्त्री का काम करता था. वह काम करके घर लौट रहा था. सूचना मिलने पर बरही थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया. इधर, घटना की खबर सुनकर मृतक के माता-पिता, पत्नी व दोनों बच्चे मुहल्ले वालों के साथ हॉस्पिटल पहुंचे. रो-रोकर उनका बुरा हाल था. करियातपुर पंचायत के मुखिया नोज कुमार व रसोइया धमना पंचायत के मुखिया गोविंद साव ने इस दुर्घटना के लिए घटनास्थल के आसपास की सड़क की खराब दशा को जिम्मेवार बताया है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >