चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट
Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित चतरा रोड के महाराजगंज बाजार में बुधवार देर शाम एक बड़ी चोरी की घटना ने लोगों को हिलाकर रख दिया. अज्ञात बदमाश एक ज्वेलरी कारोबारी की बाइक की डिक्की से करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए. घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है. घटना उस समय हुई जब बाजार में शादी-विवाह का माहौल था और चारों ओर शहनाई की गूंज सुनाई दे रही थी. इसी दौरान ज्वेलरी दुकानदार अलखदेव पोद्दार अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे.
दुकान बंद करते समय हुई वारदात
जानकारी के अनुसार अलखदेव पोद्दार ने अपनी बाइक की डिक्की में जेवरात रखे थे और दुकान बंद कर रहे थे. तभी अज्ञात चोरों ने मौका देखकर बाइक की डिक्की से जेवरात निकाल लिए और फरार हो गए. जब तक अलखदेव पोद्दार शोर मचाते और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश वहां से भाग चुके थे. स्थानीय लोगों ने बताया कि चोरी को अंजाम देने के बाद अपराधी अपाची बाइक पर सवार होकर इटखोरी की ओर तेज रफ्तार में भागते देखे गए. घटना के बाद इलाके में दहशत और व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है.
सोने-चांदी के भारी मात्रा में गहने चोरी
अलखदेव पोद्दार ने गुरुवार को चौपारण थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित आवेदन दिया. आवेदन में उन्होंने बताया कि बाइक की डिक्की में सोने और चांदी के कई कीमती जेवरात रखे हुए थे. चोरी हुए सामानों में चांदी के दर्जनों पायल, सोने का झुमका, ढोलना, कान की बाली, टॉप्स, नथिया समेत कई अन्य आभूषण शामिल हैं. इसके अलावा ग्राहकों के पुराने सोने के जेवर भी मरम्मत और नया डिजाइन बनाने के लिए रखे गए थे. दुकानदार के अनुसार करीब 120 ग्राम सोने के जेवरात चोरी हुए हैं. सभी गहनों की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अजीत कुमार विमल और इंस्पेक्टर चंद्रशेखर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. चौपारण और इटखोरी पुलिस संयुक्त रूप से संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है.
इसे भी पढ़ें: बिजली-पानी संकट पर सरायकेला में भाजपा का मटकाफोड़ प्रदर्शन, हेमंत सरकार पर किया हमला
24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली
घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं दूसरी ओर बाजार के व्यवसायियों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: रांची में उपभोक्ताओं की शिकायत सुनेगा बिजली विभाग, 11 से 30 मई तक लगेगा कैंप; चेक करें डेट
