Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग में मंगलवार को शिक्षा विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस मनाया गया. जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बीईईओ विजय राम, रशिम सिंह, जिला कार्यक्रम समन्वयक निसार खान वारसी सहित जिले भर के बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी, बीआरजी, एसआरजी एवं स्वयंसेवी शिक्षक उपस्थित थे.
2022-23 से अब तक 1.26 लाख बनाए गए साक्षर
नोडल पदाधिकारी सह बीईईओ राकेश कुमार ने कहा 2022-23 से अब तक जिले में एक लाख 10 हजार असाक्षरों को साक्षर बनाया गया है. वहीं, चालू महिने के सितंबर में 26 हजार असाक्षर को साक्षर बनाने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा 20 सितंबर को जिले भर के 1400 सरकारी स्कूलों में मूल्यांकन आकलन परीक्षा निर्धारित है. एक स्कूल में औसतन 20 नवसाक्षर परीक्षा में शामिल होंगे. इसकी तैयारी को लेकर संबंधित स्कूलों के शिक्षकों को आवश्यक दिशा निर्देश मिला है.
15 साल के दौरान जिले में बढ़ी अनपढ़ों की संख्या
2011 की जनगणना अनुसार जिले में लगभग 56,831 लोग चिह्नित असाक्षर थे. बीते 15 वर्षों में संख्या बढ़ी है. जिले का वर्तमान साक्षरता दर लगभग 73 प्रतिशत है. इसमें पुरुष साक्षरता दर 81.15 और और महिला साक्षरता दर 59.25 प्रतिशत दर्ज किया गया है.
16 प्रखंड में होगी आकलन परीक्षा
आकलन परीक्षा के दिन 16 प्रखंड सदर, दारू, टाटीझरिया, बड़कागांव, इचाक, विष्णुगढ़, बरही, केरेडारी, कटकमदाग, चौपारण, बरकट्ठा, चुरचू, डाडी, पदमा, चलकुसा, कटकमसांडी में प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिका शिक्षा विभाग की ओर से उपलब्ध होगा. इसमें सफल नवसाक्षरों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) से जारी प्रमाण पत्र मिलेगा.
