आदर्श आचारसंहिता का सख्ती से अनुपालन का निर्देश

महापौर एवं वार्ड पार्षद उम्मीदवारों के साथ प्रेक्षकों की बैठक

हजारीबाग. नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में महापौर एवं वार्ड पार्षद पद के उम्मीदवारों के साथ प्रेक्षकों की बैठक आयोजित की गयी. अध्यक्षता सामान्य प्रेक्षक रविराज शर्मा एवं व्यय प्रेक्षक पंकज नारायण ने की. बैठक में सभी उम्मीदवारों को आदर्श आचारसंहिता का कड़ाई से अनुपालन का निर्देश दिया गया. साथ ही चुनाव प्रचार-प्रसार के दौरान होने वाले व्यय के लेखा-जोखा, उसकी गणना एवं समय पर पंजी में सभी खर्च को लेकर विस्तृत जानकारी दी गयी. प्रेक्षकों ने कहा कि प्रचार में प्रयुक्त बैनर एवं पोस्टर पर मुद्रक एवं प्रकाशक का नाम अंकित होना अनिवार्य है. किसी भी सभा, जुलूस या प्रचार कार्यक्रम के लिए पूर्व अनुमति लेना आवश्यक होगा. मतदान की तिथि से 48 घंटे पूर्व सभी प्रकार के प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. व्यय प्रेक्षक ने बताया कि नामांकन से लेकर परिणाम घोषणा तक निर्वाचन से जुड़े सभी आय-व्यय का विवरण संधारित करना अनिवार्य है. निर्धारित व्हाइट, पिंक एवं येलो प्रपत्रों में कैश बुक, प्राप्ति एवं भुगतान का ब्योरा अंकित करना होगा. सभी खर्च नामांकन के समय उपलब्ध कराये गये बैंक खाते से ही किये जायेंगे. बैठक में वाहन उपयोग, लाउडस्पीकर, सभा एवं जुलूस संचालन से संबंधित दिशा-निर्देश भी दिये गये. साथ ही बताया गया कि निर्वाचन व्यय जांच के लिए 11, 16 एवं 20 फरवरी को निर्धारित तिथियों पर समीक्षा बैठक होगी, जिसमें उम्मीदवारों की उपस्थिति अनिवार्य होगी. बैठक में संबंधित अधिकारी एवं सभी उम्मीदवार मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >