कटकमसांडी(हजारीबाग). हजारीबाग पुलिस ने नशाखोरी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पेलावल ओपी क्षेत्र के पबरा गांव में यह छापामारी हुई. इस दौरान एक दुकान से बिना वैध अनुज्ञप्ति के रखी गयी 55 पीस अवैध शराब बरामद की गयी. पुलिस ने मौके से दुकान संचालक नरेश राम (पिता चरण राम) को गिरफ्तार किया है.
गुप्त सूचना पर गठित हुई छापामारी टीम
पता चला कि, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को आठ सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक दुकान में अवैध शराब की बिक्री की जा रही है. यह पता लगाने के लिए डीएसपी मुख्यालय ज्ञान रंजन के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. छापामारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पबरा गांव स्थित नरेश राम की दुकान में छापामारी की.
पुलिस को देखकर भागने लगा दुकानदार
इस दाैरान पुलिस को देख कर नरेश राम भागने लगा. उसे दौड़ा कर छापामारी दल ने पकड़ लिया. छापामारी दल ने नरेश राम की दुकान की तलाशी ली. इसी दाैरान दुकान से अवैध तरीके से बिना अनुज्ञप्ति के विदेशी शराब बरामद की गयी. गिरफ्तार नरेश राम से पूछे जाने पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया.
31 पीस विदेशी शराब और 24 बीयर बरामद
बिना किसी वैध कागजात के अवैध तरीके से विदेशी शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार कर प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. बरामद शराब में विदेशी शराब 31 पीस और बीयर 24 पीस शामिल है.
नशाखोरी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
इस कार्रवाई में मुख्यालय डीएसपी ज्ञान रंजन, पेलावल अंचल निरीक्षक सपन महथा, पेलावल ओपी प्रभारी बिट्टू रजक, सब-इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार राय, राजदीप कुमार और पेलावल ओपी सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. शराब बरामद और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मुख्यालय डीएसपी ज्ञान ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशाखोरी के विरुद्ध पुलिस लगातार छापामारी अभियान चलायेगी.
ये भी पढ़ें: चौपारण में पुलिस की छापेमारी, 790 पैकेट नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट बरामद; दुकानदार हिरासत में
